बांग्लादेश: पहले हिन्दू युवक को जमकर पीटा और उसकी जान ले ली, फिर शव को पेड़ से बांधकर जलाया

hindu boy killed in bangladesh (1)
The Hindi Post

मैमनसिंह (बांग्लादेश) | बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां कथित ईशनिंदा के आरोप में एक हिंदू युवक की भीड़ ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी और बाद में उसके शव को आग के हवाले कर दिया.

बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना ऐसे समय में हुई है जब देश पहले से ही अशांति के दौर से गुजर रहा है और अल्पसंख्यकों व मीडिया संस्थानों पर हमलों को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही हैं.

यह घटना भालुका उपजिला के स्क्वायर मास्टर बाड़ी इलाके के दुबालिया पारा क्षेत्र में गुरुवार रात को हुई. पुलिस ने मृतक की पहचान दीपू चंद्र दास के रूप में की है. वह एक स्थानीय गारमेंट फैक्ट्री में काम करता था और उसी इलाके में रहता था.

भालुका थाना के ड्यूटी ऑफिसर रिपन मिया ने बीबीसी बांग्ला से बातचीत में बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे कुछ लोग दीपू को पकड़कर अपने साथ ले गए. उन्होंने उस पर आरोप लगाया गया कि उसने पैगंबर साहब का अपमान किया है. इसके बाद भीड़ ने उसकी बेरहमी से पिटाई की. पुलिस अधिकारी के अनुसार, हमलावरों ने दीपू के शव को एक पेड़ से बांध दिया और फिर उसमें आग लगा दी.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. पुलिस ने जला हुआ शव बरामद कर उसे पोस्टमॉर्टम परिक्षण के लिए मुर्दाघर भेज दिया है.

पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज नहीं की गई है. रिपन मिया ने कहा, “हम मृतक के परिजनों की तलाश कर रहे हैं. यदि वे सामने आकर शिकायत दर्ज कराते हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.”

इस घटना ने एक बार फिर बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. हाल के दिनों में देश में हिंसा, भीड़ द्वारा की गई हत्याओं और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ती जा रही है.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!