बांग्लादेश में एक और हिंदू युवक की हत्या, गैराज में सो रहा था चंचल चंद्र भौमिक, हमलावरों ने लगाई आग
23 साल के चंचल चंद्र भौमिक को गैराज में ही जिंदा जलाने का आरोप है / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)
बांग्लादेश में एक और हिंदू युवक की हत्या, गैराज में सो रहा था चंचल चंद्र भौमिक, हमलावरों ने लगाई आग
ढाका | हिंदू अल्पसंख्यक समुदाय के एक युवक के साथ बांग्लादेश में दिल दहला देने वाली घटी है. जल्द ही बांग्लादेश में चुनाव होने वाले है. उससे ठीक पहले 23 वर्षीय हिंदू युवक को कथित तौर पर जिंदा जला कर मार दिया गया है. मृतक की पहचान चंचल चंद्र भौमिक के रूप में हुई है.
यह दिल दहला देने वाली घटना ढाका से करीब 50 किलोमीटर दूर नरसिंदी जिले में घटी है. एक और हिन्दू युवक की मौत ने मुस्लिम बहुल बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है.
चंचल चंद्र भौमिक, कुमिल्ला जिले के लक्ष्मीपुर गांव का निवासी थे और खानाबाड़ी मस्जिद मार्केट क्षेत्र में स्थित एक गैराज में काम करते थे. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शुक्रवार रात काम खत्म करने के बाद वह गैराज में ही सो गए थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने गैराज में आग लगा दी.
गैराज में पेट्रोल, इंजन ऑयल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैली और चंचल उसमें फंस गए. गंभीर रूप से झुलसने और दम घुटने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने इस घटना को “सुनियोजित हत्या” बताया है.
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है. इसमें हमलावरों की गतिविधियां कैद होने की बात कही जा रही है, हालांकि अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच की जा रही है और कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं.
IANS/Hindi Post Dot In
