हिमानी नरवाल मर्डर केस में नया अपडेट आया सामने ……

Himani Narwal 3 (1) (1)

Photo: Social Media

The Hindi Post

रोहतक | हिमानी नरवाल मर्डर केस के आरोपी सचिन को पुलिस ने सोमवार को जिला कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने आरोपी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया.

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ करने के लिए सात दिन के रिमांड की मांग की थी लेकिन सिविल जज एवं न्यायिक दंडाधिकारी अमित श्योराण की कोर्ट ने आरोपी सचिन को सिर्फ तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया.

इन सब के बीच, हिमानी के परिजनों को हिमानी का शव सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया. इससे पहले मृतका की मां सविता ने कहा था कि अगर मेरी बेटी को न्याय नहीं मिला तो मैं उसका अंतिम संस्कार नहीं करूंगी.

न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में हिमानी की मां ने कहा था कि मेरी बेटी 18 तारीख को एक कार्यक्रम में जाने के लिए घर पर तैयार थी, लेकिन उसके बाद के घटनाक्रम से मैं हैरान हूं. मेरी बेटी मुझसे कुछ नहीं छुपाती थी. मुझे अपनी हर बात बताती थी. वो मुझे पैसों से संबंधित बात भी बताती थी. यहां तक कि पार्टी के दूसरे कार्यकर्ता भी मेरी बेटी को पैसे देने के लिए तैयार रहते थे. लेकिन मेरी बेटी ने आज तक किसी से कोई मदद नहीं ली. मेरी बेटी अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए संघर्ष कर रही थी. उसने फीस भरने के लिए समय भी मांगा था और कहा था कि मैं नौकरी खोज रही हूं. मुझे नौकरी मिल जाएगी तो मैं फीस भर दूंगी.

बता दें कि शनिवार को हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला बस स्टैंड पर एक सूटकेस में 22 वर्षीय कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल का शव बरामद हुआ था. सूटकेस में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था. बाद में मृतका की पहचान कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हिमानी नरवाल के रूप में हुई थी जो युवा नेता के तौर पर क्षेत्र में सक्रिय थी.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!