विधानसभा में मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष के बीच नोकझोंक, सीएम बोले- “चुपचाप बैठकर सुनो”
विधानसभा में मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष के बीच नोकझोंक, सीएम बोले- “चुपचाप बैठकर सुनो”
पटना | बिहार विधानसभा में गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के बीच नोकझोंक देखने को मिली. इस दौरान मुख्यमंत्री ने तेजस्वी यादव से कहा कि बैठो न, मेरी बात सुनो. दरअसल, विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल के अभिभाषण पर सरकार का पक्ष रख रहे थे.
तेजस्वी यादव ने उनके दावे पर टोकने की कोशिश की. नीतीश कुमार ने अपने अंदाज में कहा, “बैठो न. सबकुछ हमारा ही तय किया हुआ था. इसके बाद इसको बना दिया. उसके बाद इधर-उधर करने लगा. जब रखे थे तो इधर-उधर करने लगा. छह लोगों को खींचने के लिए पैसा कहां से लाए थे? गड़बड़ करते थे, इसीलिए छोड़ दिया.”
इस दौरान दोनों पक्षों के विधायक हंसते नजर आए. मुख्यमंत्री ने राजद सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2005 से पहले बिहार की क्या हालत थी. शाम के बाद लोग घर से नहीं निकलते थे. उन लोगों की सरकार थी तो कोई काम नहीं हुआ. स्कूल, अस्पताल, सड़क, पानी, बिजली सबका बुरा हाल था. हमारी सरकार आई तो सभी क्षेत्रों में सुधार हुआ. उन्होंने कहा कि बिहार में जब से एनडीए की सरकार बनी है, तब से विकास का काम हो रहा है. बिहार में शांति है.
उन्होंने कहा कि कब्रिस्तान की घेराबंदी कराई गई और पुराने मंदिरों के लिए चहारदीवारी का निर्माण कराया गया. उन्होंने कहा कि राज्य में गांवों और टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा हो गया. हर घर नल का जल और हर घर शौचालय का भी काम हुआ. पहले जहां बिजली की समस्या थी, वहीं आज लोगों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है.
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि सात निश्चय के तहत युवाओं को नौकरी और रोजगार देने पर सरकार काम कर रही है. अगले पांच सालों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि पहले जहां राज्य में छह मेडिकल कॉलेज थे, अब उनकी संख्या 12 हो चुकी है और 27 नए मेडिकल कॉलेज और बनवाए जा रहे हैं. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में औसतन आज प्रत्येक महीने 11,600 मरीजों के इलाज हो रहे हैं. पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल को 5400 बेड वाला अत्याधुनिक संस्थान बनाने की भी बात उन्होंने कही.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि दस हजार की राशि महिलाओं को दी गई, ताकि वह अपने पैरों पर खड़ी हो सकें. आगे भी दो लाख रुपए दिया जाएगा. सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जाएगी. उन्होंने कहा कि बिहार लगातार विकास कर रहा है. अगले पांच साल में विकास के काफी कार्य होंगे. बिहार विकसित राज्यों में शामिल होगा और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण स्थान रखेगा. उन्होंने केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिलने की भी बात कही.
