‘आंख सेंकने जा …’, नीतीश की महिला संवाद यात्रा पर बोले लालू यादव, बीजेपी ने घेरा
लालू प्रसाद यादव (फाइल फोटो | आईएएनएस)
पटना | राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित ‘महिला संवाद यात्रा’ के संबंध में दिए अपने ‘नैन सेंकने वाले’ बयान की वजह से भाजपा और जदयू के विरोध का सामना करना पड़ रहा है.
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने लालू प्रसाद यादव के बयान की आलोचना करते हुए मंगलवार को कहा, “समझ में नहीं आता है कि लालू प्रसाद यादव को अब तक बिहार की जनता ने कैसे झेला है. ऐसी घटिया मानसिकता वाले लोग किसी दल की अगुवाई कर रहे हैं, तो उस दल के संस्कार, उसकी संस्कृति और उसके चाल और चेहरे को लेकर किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए. वहीं, नीतीश कुमार ने अपना पूरा जीवन बिहार की जनता, दलितों और पिछड़ों के लिए समर्पित किया है. ऐसी स्थिति में लालू प्रसाद यादव द्वारा दिए गए बयान की महज निंदा करना ही पर्याप्त नहीं रहेगा. बिहार के लोगों को अब लालू प्रसाद यादव से राजनीति से संन्यास की मांग करनी चाहिए.”
भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी लालू प्रसाद यादव के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की. उन्होंने कहा, “लालू प्रसाद यादव का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है. एक तरफ जहां नीतीश कुमार महिलाओं से संवाद करने जा रहे हैं वहीं दूसरी तरफ इसे लेकर लालू प्रसाद यादव ने जिस तरह का बयान दिया है वह चिंता का विषय है. पहले तो हमें लगता था कि वह महज शारीरिक रूप से बीमार हैं लेकिन अब वह मानसिक रूप से भी बीमार हो चुके हैं. उनको अब उपचार कराने की आवश्यकता है.”
उल्लेखनीय है कि लालू प्रसाद यादव से मंगलवार को नीतीश कुमार की महिला संवाद यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा, “वह नैन सेंकने जा रहे हैं.” जब लालू से पुछा गया कि बिहार में अगली सरकार किसकी होगी तो उन्होंने कहा कि अगली सरकार उनकी होगी. ‘नैन सेंकने वाले बयान को लेकर लालू प्रसाद यादव को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है.
Reported By: IANS, Edited By: Hindi Post Web Desk
