क्या भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया है?, मास्को ने दिया इसका जवाब

Dmitry Peskov (1)
The Hindi Post

मॉस्को | रूस ने कहा है कि भारत की तरफ से रूसी तेल की खरीद बंद करने को लेकर उसे अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है.

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने मंगलवार को कहा, “हमें इस मामले में दिल्ली से अभी तक कोई औपचारिक संदेश नहीं मिला है.” रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी Tass के मुताबिक, पेस्कोव ने यह बात एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कही.

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि रूस, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों पर पैनी नजर रख रहा है, विशेष रूप से भारत और तेल को लेकर दी जा रही जानकारियों पर. उन्होंने कहा, “हम इस मामले से जुड़ी हर खबर पर ध्यान दे रहे हैं और राष्ट्रपति ट्रंप के बयानों का विश्लेषण कर रहे हैं.”

रूसी प्रवक्ता ने आगे कहा, “हम अमेरिका और भारत के द्विपक्षीय संबंधों का सम्मान करते हैं लेकिन हमारे लिए भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है. हम अपने द्विपक्षीय संबंधों को हर संभव तरीके से विकसित करने का इरादा रखते हैं.”

गौरतलब है कि सोमवार को व्हाइट हाउस ने घोषणा की थी कि भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद बंद करने के समझौते के तहत, अमेरिका भारतीय माल पर लगने वाले 25 प्रतिशत टैरिफ को हटा देगा.

 

आईएएनएस/हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!