जिम से बाहर निकलते ही हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या; ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप
जिम से बाहर निकलते ही हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या; ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप
शामली | उत्तर प्रदेश के जनपद शामली से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है. घटना बुधवार शाम की है जब अंकित जिम से निकल रहे थे.
शामली पुलिस ने बताया कि डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि बंटीखेड़ा निवासी मृतक अंकित बालियान को जिम से निकलते समय 3-4 अज्ञात लोगों ने गोली मार दी जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही शामली कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की.
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने बताया, “शाम को करीब 7 बजे सूचना प्राप्त हुई कि अंकित बालियान कोतवाली शहर में एक जिम में एक्सरसाइज करने आते थे. जैसे ही वह वहां से निकले, उन्हें गोली मारी गई. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया. अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार चार लड़के थे, जो दो बाइक पर आए थे. हम मामले की जांच कर रहे हैं. मौके से हमें दो-तीन खोखे मिले थे. पूरी टीम मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की पहचान की जा रही है.”
Shamli, Uttar Pradesh: Haryanvi artist Ankit Baliyan was shot dead by unidentified attackers in Shamli. His family has refused to perform his last rites until the accused are arrested. pic.twitter.com/uqKgxc2nXr
— IANS (@ians_india) August 26, 2026
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में जानकारी मिली है कि गायक सोनीपत में रहकर गाने बनाता था, लेकिन वहां पर विवाद होने के बाद यहां भाग कर आ गया था. ऐसे में संभावना है कि यह पूरा मामला हरियाणा और सोनीपत से जुड़ा हुआ है. इस एंगल पर भी जांच की जा रही है और हरियाणा पुलिस से संपर्क किया जा रहा है. घटना के जल्द खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं.
मौके पर मौजूद जिम संचालक रवि शर्मा ने आईएएनएस को बताया, “हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान करीब 8 महीने से हमारे जिम में एक्सरसाइज करने आ रहे थे. हर दिन की तरह वो यहां से एक्सरसाइज करके चले गए थे, लेकिन कुछ ही दूरी पर करीब 4 बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और पैदल भाग गए. गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. करीब 20 राउंड गोली चलाई गई.”
मृतक के परिचित सतबीर सिंह ने कहा, “हमलावर के बारे में कुछ नहीं पता है. जिन्होंने हत्या की है, उन्हें सजा मिलनी चाहिए. हमारा धरना जारी रहेगा. बालियान का हरियाणा से संपर्क था, वहीं के लोगों से बोलचाल थी, यहां पर उसकी कोई बोलचाल नहीं थी.”
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है. इलाके में इस हत्या से दहशत का माहौल है.
By IANS
अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.
