खौफनाक नजारा: गंगा पुल पर हवा में लटकी रोडवेज बस, सवार थे इतने यात्री

Hapur bus hangs on Ganga bridge 1 (1)
The Hindi Post

खौफनाक नजारा: गंगा पुल पर हवा में लटकी रोडवेज बस, सवार थे इतने यात्री

 

हापुड़ | उत्तर प्रदेश के हापुड़ से खौफनाक नजारा देखने को मिला है। शनिवार को हापुड़ जिले के ब्रजघाट गंगा पुल पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रामपुर डिपो से दिल्ली जा रही रोडवेज बस अचानक संतुलन बिगड़ने से पुल की रेलिंग तोड़कर आधी हवा में लटक गई। बस में सवार 16 यात्रियों की जान पर बन आई और कुछ देर तक सबकी सांसें अटकी रहीं। गंगा नदी के ऊपर लटकी बस को देखकर यात्रियों में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। फंसे लोगों को बस से निकाले जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, बस रामपुर से दिल्ली जा रही थी। जैसे ही वह ब्रजघाट स्थित गंगा पुल पर पहुंची, चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार में बस रेलिंग से टकराई और उसे तोड़ते हुए आधा हिस्सा पुल से बाहर निकल गया। बस का पिछला हिस्सा पुल पर था, जबकि अगला हिस्सा गंगा नदी के ऊपर लटक गया। इस नजारे को देख यात्रियों के होश उड़ गए और सभी घबराकर जोर-जोर से चिल्लाने लगे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तत्काल बस को सुरक्षित निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई। राहत कार्य के दौरान यात्रियों को खिड़कियों और पिछले दरवाजे से एक-एक कर बाहर निकाला गया। गंगा का पानी नीचे दिखाई देने के कारण लोगों में दहशत और ज्यादा बढ़ गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि बस कुछ इंच और खिसक जाती, तो वह पूरी तरह गंगा नदी में जा गिरती। इससे बड़ा हादसा हो सकता था।

बस में सवार यात्रियों ने बताया कि अचानक जोरदार झटका लगा और सबको लगा कि बस नदी में जा गिरी। कई यात्री रोने और भगवान को पुकारने लगे। कुछ ने मोबाइल से परिवार वालों को फोन करके हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने सभी को सुरक्षित निकालने के बाद बस को क्रेन की मदद से वापस पुल पर खींचने का काम शुरू किया। मामले में अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद बस चालक की लापरवाही और रोडवेज की बसों की फिटनेस पर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि बस तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी। वहीं, पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हादसा चालक की गलती से हुआ या फिर बस की तकनीकी खराबी के कारण। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!