रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी, हमलावरों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच ने 12 टीमों का किया गठन

Rohit Shetty (1) (1)

फाइल फोटो | आईएएनएस

The Hindi Post

मुंबई | बॉलीवुड के मशहूर फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के जुहू (मुंबई) स्थित आवास के बाहर फायरिंग हुई है. इस घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है. जिस जगह फायरिंग हुई है उसे मुंबई का हाई-प्रोफाइल इलाका माना जाता है, यहां कई नामी फिल्मी हस्तियों के घर हैं.

पुलिस के अनुसार, रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया गया है. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है.

इस सनसनीखेज घटना के बाद रोहित शेट्टी के आवास के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रख रही है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है. राहत की बात यह है कि इस फायरिंग की घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है. बताया जा रहा है कि रोहित शेट्टी और उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित हैं.

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच को भी जांच में शामिल किया गया है. आरोपियों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच ने 12 टीमों का गठन किया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. इसके अलावा, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें.

मुंबई पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है. फिलहाल पुलिस जांच जारी है और इस बात की तहकीकात की जा रही है कि आखिर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई इस फायरिंग के पीछे कौन है और इसका मकसद क्या था.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!