जेल में आसाराम के बेटे नारायण साई के पास मिला मोबाइल, ऐसे छिपा रखा था फोन कि तरीका जान आप रह जाएंगे हैरान
नारायण साई की फाइल फोटो (आईएएनएस)
जेल में आसाराम के बेटे नारायण साई के पास मिला मोबाइल, ऐसे छिपा रखा था फोन कि तरीका जान आप रह जाएंगे हैरान
सूरत | बलात्कार के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा आसाराम का बेटा नारायण साईं नई मुसीबत में फंस गया है. सूरत की लाजपोर सेंट्रल जेल में मोबाइल फोन रखने और उसका इस्तेमाल करने को लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. यह मामला सचिन पुलिस थाने में दर्ज हुआ है.
जेल प्रशासन को गुरुवार को गुप्त सूचना मिली थी कि हाई-सिक्योरिटी बैरक नंबर-1 में बंद नारायण साईं के पास मोबाइल फोन है. सूचना मिलते ही जेल स्क्वॉड ने तुरंत कार्रवाई की और नारायण साईं के सेल (सेल नंबर-1) की गहन तलाशी ली. तलाशी के दौरान लोहे के मुख्य दरवाजे के पीछे एक स्मार्टफोन चुंबक की मदद से चिपकाया हुआ मिला. फोन के अलावा उसके पास जियो कंपनी का एक सिम कार्ड भी बरामद हुआ.
जांच में पता चला कि नारायण साईं बेहद शातिराना तरीके से फोन का इस्तेमाल करता था. वह बातचीत पूरी होने के बाद तुरंत फोन से बैटरी और सिम कार्ड निकाल देता था. सिम कार्ड को वह अपने पास रखता था जबकि बैटरी को सुरक्षा के लिए सेंट्री रूम में छिपा देता था. जेल स्टाफ की सतर्कता से सेंट्री रूम के दरवाजे में लगे नाकूचे (की-होल) के अंदर छिपाई गई बैटरी भी बरामद कर ली गई.
जेल प्रशासन की शिकायत पर सचिन पुलिस ने नारायण साईं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा गुजरात जेल मैनुअल के नियमों के उल्लंघन के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आगे की जांच कर रही है कि नारायण साईं यह मोबाइल फोन कहां से और कैसे लाया तथा इसका इस्तेमाल किन-किन लोगों से संपर्क करने के लिए कर रहा था.
एसीपी नीरव गोहिल ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया, “नारायण साईं जहांगीरपुरा पुलिस स्टेशन रेप केस में दोषी कैदी है. गुरुवार को लाजपोर सेंट्रल जेल के स्टाफ को जानकारी मिली कि नारायण साईं ने अपनी बैरक के अंदर एक मोबाइल फोन छिपा रखा है. इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए, जेल सिक्योरिटी स्क्वॉड ने बैरक नंबर 1 में तलाशी ली जहां उसे एक अलग सेल में रखा गया था. तलाशी के दौरान सेल के गेट के पीछे एक मोबाइल फोन मिला जिसे मैग्नेट से लोहे के दरवाजे से चिपकाया गया था. उसे तुरंत बरामद कर लिया गया.”
उन्होंने बताया कि जेल में मोबाइल फोन रखना गंभीर अपराध है. नारायण साईं के सेल से फोन, सिम और बैटरी बरामद हुई है. हमने जेल प्रशासन की शिकायत पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली है. मामले की गहन जांच की जा रही है.
आईएएनएस
