शादी के कार्ड पर दूल्हे ने छपवाया – “पहले मतदान फिर जलपान”
गोड्डा | कई बार देखने को मिला है कि लोग मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह जाते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा के रहने वाले एक युवक ने लोगों को मताधिकार के लिए प्रेरित करने के मकसद से एक नायाब रास्ता निकाला.
दरअसल, उस युवक ने अपने शादी के कार्ड पर छपवाया- “पहले मतदान करे फिर जलपान” का संदेश.
बता दें कि युवक की शादी 29 नवंबर को है, जबकि झारखंड में दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होने जा रहा है.
ऐसे में यह शादी सुर्खियों में है. हर जगह इसकी चर्चा हो रही है. जिस तरीके से लोगों को मताधिकार के लिए प्रेरित किया गया है उसने सभी का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया है. युवक लोको पायलट है.
युवक ने लोगों से अनुरोध किया कि उनके घर शादी समरोह में जरूर आएं. लेकिन, इससे पहले 20 नवंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्र जरूर जाएं. साथ ही कहा कि पहले मतदान करें, फिर जलपान.
उसका कहना है कि सोचिए यह महापर्व है. इसी से जनकल्याणकारी सरकार का निर्माण होगा और प्रदेश में विकास का मार्ग प्रशस्त होगा.
इस सबके बीच खास बात यह है कि दूल्हे के बड़े भाई एक राजनीतिक दल विशेष से ताल्लुक रखते हैं.
कांग्रेस नेता अभिनव कुमार सिंह ने कहा कि इस कार्ड के माध्यम से एक संदेश देने का प्रयास किया गया है. प्रत्येक मतदाता को अपना कर्तव्य निभाना चाहिए और अपनी पसंद की सरकार बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए.
उन्होंने यह भी बताया कि अब तक तीन हजार कार्ड का वितरण किया गया है. मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करने का यह एक छोटा सा प्रयास है. आगे और भी कार्ड लोगों के बीच वितरित किया जाएगा.
Reported By: IANS, Edited By: Hindi Post Web Desk
