स्मार्टफोन कंपनियों से सोर्स कोड मांग रही है सरकार ? IT मंत्रालय ने दिया यह जवाब
सांकेतिक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
स्मार्टफोन कंपनियों से सोर्स कोड मांग रही है सरकार ? IT मंत्रालय ने दिया यह जवाब
नई दिल्ली | सरकार ने एक अंतरराष्ट्रीय समाचार संस्था की उस रिपोर्ट को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें दावा किया गया था कि वह स्मार्टफोन कंपनियों को उनका सोर्स कोड (वो गुप्त कोडिंग जिससे फोन चलता है) सरकार के साथ साझा करने के लिए मजबूर करने की योजना बना रही है.
यह भी कहा जा रहा था कि सरकार सुरक्षा के नाम पर फोन के सॉफ्टवेयर में बड़े बदलाव कराना चाहती है. रिपोर्ट में यह कहा गया कि एप्पल और सैमसंग जैसी कंपनियां इसका विरोध कर रही है.
सरकार ने कहा कि यह खबर भ्रामक है. भारत सरकार के आईटी मंत्रालय के अनुसार, इस समाचार रिपोर्ट में न तो किसी स्मार्टफोन निर्माता कंपनी का कोई बयान उद्धृत किया गया है और न ही उन उद्योग संघों की राय शामिल की गई है जो इन कंपनियों का प्रतिनिधित्व करते हैं.
आईटी मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि रिपोर्ट में उद्योग संघ की टिप्पणियों को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया जिससे खबर को सनसनीखेज बनाने की मंशा झलकती है. मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि सरकार साइबर सुरक्षा को मजबूत करने और नागरिकों की निजता की रक्षा के लिए उद्योग के साथ नियमित रूप से परामर्श प्रक्रिया चला रही है.
मंत्रालय के अनुसार, इन बैठकों में सुरक्षा मानक, डेटा सुरक्षा, तकनीकी चुनौतियां, अनुपालन से जुड़े मुद्दे और अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं पर चर्चा होती है. सरकार उद्योग की चिंताओं को गंभीरता से सुन रही है और संतुलित नियामक ढांचा तैयार करने पर काम कर रही है.
उधर, इंडिया सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (ICEA) ने भी कहा है कि सरकार और उद्योग के बीच यह चर्चा वर्षों से चल रही है और इसे किसी नई या तत्काल नीति बदलाव के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.
सोर्स कोड (Source Code) क्या होता है?
सोर्स कोड किसी भी सॉफ्टवेयर, ऐप या कंप्यूटर प्रोग्राम का वह मूल लिखित रूप होता है, जिसे प्रोग्रामिंग भाषा (जैसे Python, Java, C++, आदि) में लिखा जाता है. इसी कोड के आधार पर कोई भी ऐप या सिस्टम काम करता है.
सरल शब्दों में समझें तो— सोर्स कोड किसी ऐप या सॉफ्टवेयर का “नक्शा” या “ब्लूप्रिंट” होता है जिसमें लिखा होता है कि वह कैसे चलेगा, क्या करेगा और किस तरह से प्रतिक्रिया देगा.
