चप्पल से निकला 3.86 करोड़ का सोना, विदेशी….

chappal

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

मुंबई | राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोने की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अदीस अबाबा (इथियोपिया देश की राजधानी) से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे चाड (मध्य अफ्रीकी देश) के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है. इसके पास से 3.86 करोड़ रुपये मूल्य का 4,015 ग्राम सोना जब्त किया गया है. इस सोने को उसने अपनी चप्पलों की एड़ी में छिपाकर रखा था.

विशेष खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, डीआरआई के अधिकारियों ने मुंबई पहुंचने के तुरंत बाद ही चाड के नागरिक को पकड़ा और उसकी जांच की. उसने बेहद चतुराई से चप्पल की एड़ी में सोने के कई ‘बार’ छुपा रखे थे.

अधिकारियों ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि चाड के नागरिक ने सीमा शुल्क जांच और कानूनी पहचान से बचने के लिए असामान्य तरीके से सोना छिपाया था. सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत सोने को जब्त कर यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है.

अधिकारियों ने कहा कि तस्करी किया गया सोना किसके पास ले जाया जा रहा था या किसने इसे मंगाया था, इसका पता लगाने के लिए जांच चल रही है. यह भी जांच का विषय है कि क्या यह घटना किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ी है.

इससे पहले अप्रैल में, डीआरआई मुंबई ने बैंकॉक से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे एक यात्री से 6.30 करोड़ रुपये का विदेशी मूल का सोना जब्त किया था.

डीआरआई अंतर्राष्ट्रीय प्रवेश बिंदुओं पर कड़ी निगरानी बनाए रखता है. कीमती धातुओं और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी के प्रयासों को विफल करने के लिए खुफिया जानकारी एकत्र करने और निगरानी के संयोजन का उपयोग करता है. एजेंसी ने ऐसे अपराधों पर नकेल कसने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई हैं जो आर्थिक स्थिरता और सीमा सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!