सोने-चांदी के रेट में आई तेजी, ये है नए दाम

Gold IANS 8 (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

बीते कुछ दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट देखने को मिली. मंगलवार को देर रात मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोनों कीमती धातुओं के भाव धड़ाम हो गए थे. चांदी करीब 5 प्रतिशत से ज्यादा टूट गई थी, जबकि सोने में भी लगभग ढाई प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी. हालांकि बुधवार सुबह कारोबार शुरू होते ही दोनों धातुएं रिकवरी मोड में नजर आईं.

मंगलवार रात चांदी में सबसे बड़ी गिरावट देखी गई. कारोबार के दौरान इसकी कीमत गिरकर लगभग 2.26 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थी. एमसीएक्स पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी 5.58 प्रतिशत यानी 13,378 रुपये की गिरावट के साथ 2,26,513 रुपये प्रति किलो पर आ गई थी. यह 29 जनवरी को बने इसके लाइफटाइम हाई 4,20,048 रुपये की तुलना में करीब 1,93,535 रुपये सस्ती थी. हालांकि कारोबार बंद होने तक कीमत कुछ संभली और यह 2,28,783 रुपये पर क्लोज हुई.

बुधवार सुबह बाजार खुलते ही चांदी में रिकवरी देखी गई. खबर लिखे जाने तक एक किलो चांदी का भाव 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया.

सोने में भी रात की गिरावट के बाद सुधार दर्ज किया गया. मंगलवार को करीब 2.5 प्रतिशत टूटने के बाद 24 कैरेट सोना वायदा कारोबार के अंत में 1,51,418 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. बुधवार सुबह 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला सोना लगभग 1.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,53,165 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा.

इसके बावजूद सोना अभी भी अपने 29 जनवरी के लाइफटाइम हाई 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम से करीब 40,000 रुपये नीचे बना हुआ है.

(नोट : सोने-चांदी में निवेश से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर ले)

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!