24 घंटे में फीकी हुई चांदी की चमक : रिकॉर्ड हाई के बाद 85,000 रूपए सस्ती हुई, जानिए क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट ?

SILVER BRICKS (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - Deposit Photos)

The Hindi Post

24 घंटे में फीकी हुई चांदी की चमक : रिकॉर्ड हाई के बाद 85,000 रूपए सस्ती हुई, जानिए क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट ?

 

नई दिल्ली | कमोडिटी बाजार में पिछले कई दिनों से जारी तूफानी तेजी पर शुक्रवार को ब्रेक लग गया. निवेशकों द्वारा की गई भारी मुनाफावसूली के कारण सोने और चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है. महज 24 घंटे के भीतर चांदी के भाव ₹85,000 तक गिर गए, जबकि सोने की कीमतों में भी ₹25,000 से अधिक की भारी कटौती देखी गई.

आसमान से जमीन पर आए भाव

गुरुवार, 29 जनवरी को चांदी ने ₹4,20,048 प्रति किलो का अपना ऑल-टाइम हाई लेवल छुआ था. लेकिन शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे तक MCX पर मार्च वायदा की कीमतें करीब ₹65,000 गिरकर ₹3,35,001 पर आ गईं. रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो चांदी में ₹85,000 की गिरावट आई है.

इसी तरह, सोना भी गुरुवार को ₹1,93,096 के अपने रिकॉर्ड स्तर पर था, जो शुक्रवार को ₹25,500 से ज्यादा टूटकर ₹1,67,406 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया.
________________________________________
गिरावट के 4 मुख्य कारण
1. आक्रामक मुनाफावसूली: चांदी ने कुछ ही हफ्तों में ₹3 लाख से ₹4 लाख का सफर तय किया था. ऊंचे स्तरों पर निवेशकों ने अपना मुनाफा सुरक्षित करने के लिए भारी बिकवाली की.
2. शॉर्ट सेलर्स की एंट्री: बाजार में जैसे ही कमजोरी दिखी, शॉर्ट सेलर्स ने मोर्चा संभाल लिया. आक्रामक शॉर्ट सेलिंग के कारण कीमतों में गिरावट और तेज हो गई.
3. डॉलर में मजबूती: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल को बदलने के संकेतों के बाद डॉलर इंडेक्स मजबूत हुआ, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा.
4. वैश्विक प्रभाव: अंतरराष्ट्रीय बाजारों में आई कमजोरी का सीधा असर घरेलू बाजार (MCX) पर भी देखने को मिला.
________________________________________
ETF बाजार में भी मची खलबली
सोने-चांदी की फिजिकल कीमतों में गिरावट का सीधा असर ईटीएफ (ETF) पर पड़ा. शेयर बाजार बंद होने तक सिल्वर और गोल्ड ईटीएफ के दाम 20% तक टूट गए:
• सिल्वर ETF: ICICI सिल्वर ईटीएफ में 20.14% और निप्पॉन इंडिया सिल्वर ईटीएफ में 18.59% की भारी गिरावट दर्ज की गई.
• गोल्ड ETF: निप्पॉन इंडिया गोल्ड ईटीएफ 10.50% और टाटा गोल्ड ईटीएफ 9.16% तक नीचे गिरे.

 

Hindi Post Dot In

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!