सोने-चांदी की कीमतों में ‘रोलर कोस्टर’ राइड: रिकॉर्ड ऊंचाई से फिसलकर भारी गिरावट, जानें ताजा भाव
फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
सोने-चांदी की कीमतों में ‘रोलर कोस्टर’ राइड: रिकॉर्ड ऊंचाई से फिसलकर भारी गिरावट, जानें ताजा भाव
नई दिल्ली | पिछले सत्र में रिकॉर्ड ऊंचाई को छूने के बाद शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. निवेशकों द्वारा की गई मुनाफावसूली (Profit Booking) और अमेरिकी डॉलर में आई मजबूती के कारण कीमती धातुओं के दाम नीचे आए हैं.
MCX (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) पर सोना फरवरी वायदा सुबह करीब 10 बजे इंट्राडे आधार पर 1.03 प्रतिशत गिरकर 1,67,656 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. वहीं, चांदी मार्च वायदा में भी बड़ी गिरावट देखी गई और यह 3.42 प्रतिशत टूटकर 3,86,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई.
पिछले सत्र में ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाते हुए चांदी MCX पर ₹4,20,048 प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई थी. हालांकि, इस शिखर को छूने के बाद कीमतों में भारी गिरावट आई और यह 6 प्रतिशत से अधिक टूटकर ₹3,75,900 के स्तर पर आ गई.
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने की कीमतों में 4 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखी गई और यह $5,156.64 प्रति औंस पर आ गया. बाद में, इसमें कुछ सुधार हुआ और यह $5,346.42 पर पहुंच गया. हालांकि, इस साल पीली धातु (सोने) में 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है. इस वर्ष अब तक सफेद धातु (चांदी) में लगभग 53 प्रतिशत की तेजी आई है.
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सोने और चांदी का व्यापक ढांचा अब भी मजबूती के साथ ‘बुलिश’ (तेजी का) बना हुआ है. हालांकि, हालिया तेज उछाल के बाद बाजार में ‘ओवरहीटिंग’ और रणनीतिक मुनाफावसूली के कारण इंट्राडे में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है.
विश्लेषकों के अनुसार, धातु अभी भी एक मजबूत ‘राइजिंग चैनल’ में है, लेकिन हालिया तेजी ने कीमतों को ‘ओवरबॉट’ जोन में धकेल दिया है, जिसके परिणामस्वरूप आक्रामक मुनाफावसूली हो रही है. उन्होंने आगे कहा कि आपूर्ति में संरचनात्मक कमी और औद्योगिक मांग लगातार इस तेजी के रुझान को समर्थन दे रही है. बाजार पर नजर रखने वालों का कहना है कि चांदी के लिए ₹3,75,000 प्रति किलोग्राम पर प्रमुख सपोर्ट मौजूद है.
अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में ठहराव के बाद डॉलर इंडेक्स को जो सहारा मिला, उससे इसमें मामूली बढ़त देखी गई.। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य विकल्पों पर विचार करने की खबरों के बीच भू-राजनीतिक तनाव भी उच्च स्तर पर बना हुआ है.
