सूडान : अचानक ढह गई सोने की खदान, 11 की मौत, 7 घायल
फाइल फोटो : आईएएनएस
खार्तूम | उत्तर-पूर्वी सूडान में एक सोने की खदान ढहने से 11 लोगों की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए. सरकारी खनिज संसाधन कंपनी ने यह जानकारी दी.
सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, रेड सी स्टेट में अत्बारा और हाया शहरों के बीच हौएद इलाके में स्थित केर्श अल-फील खदान में यह हादसा हुआ. कंपनी ने अपने बयान में बताया कि खदान ढहने से यह घटना हुई लेकिन हादसे की तारीख का जिक्र नहीं किया गया.
कंपनी का कहना है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खदान को पहले ही बंद करने का आदेश दिया गया था. बाद में खनिकों ने सुरक्षा और पर्यावरण संबंधी नियमों का पालन करने का दावा किया. साथ ही खदान की खनन गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा मानकों में सुधार करने का भरोसा जताया था.
सूडान में पारंपरिक खनन से सोने का एक बड़ा हिस्सा निकलता है लेकिन खराब सुरक्षा मानकों और पुराने ढांचे के कारण इस क्षेत्र में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती है.
कंपनी ने कहा कि उसने पहले ही खदान में काम रोक दिया था और संभावित जोखिम के बारे में चेतावनी जारी कर दी थी.
सुडान के अधिकारियों और एनजीओ के अनुसार, सोने का लगभग सारा व्यापार संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के माध्यम से होता है. यूएई पर सूडान की रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) को हथियार देने का आरोप है लेकिन यूएई इससे इनकार करता रहा है.
सूडान में युद्ध ने पहले ही कमजोर अर्थव्यवस्था को पूरी तरह से तोड़ दिया है. करीब 15 लाख छोटे-मोटे खनिक (आर्टिसनल माइनर्स) सूडान के लगभग 80 प्रतिशत सोने का उत्पादन करते हैं. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2024 में सूडान में कुल 64 टन सोना उत्पादित हुआ.
IANS
