होली खेलकर बाथरूम में नहाने गए फैक्ट्री मालिक व उनकी पत्नी की मौत

Couple Die Due To Suffocation Ghaziabad (1)
The Hindi Post

गाजियाबाद | गाजियाबाद में फैक्ट्री मालिक और उनकी पत्नी की बाथरूम में मौत हो गई. बुधवार को होली खेलने के बाद दोनों नहाने के लिए बाथरूम में गए थे. दोनों के शव बाथरूम में पड़े मिले. पुलिस का मानना है कि गैस गीजर से दम घुटने से दोनों की मौत होगी क्योंकि बाथरूम में वेंटिलेशन नहीं था.

पुलिस को बाथरूम के अंदर सिलेंडर और गीजर मिले हैं. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा.

पुलिस के अनुसार, दीपक गोयल (40 वर्ष) और उनकी पत्नी शिल्पी (36 वर्ष) अपने दो बच्चों के साथ कस्बा मुरादनगर की अग्रसेन कॉलोनी फेस-वन में रहते थे. बुधवार को होली खेलने के बाद शाम करीब 4 बजे वो बाथरूम में नहाने के लिए गए. वे जब एक घंटे तक बाहर नहीं निकले और अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तो बच्चों ने पड़ोसियों को बताया. पड़ोसियों ने आकर वेंटिलेशन का कांच तोड़कर कुंडी खोली, तो पति-पत्नी जमीन पर बेसुध पड़े मिले. उन्हें तुरंत यशोदा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया.

हॉस्पिटल से मुरादनगर थाना पुलिस को मीमो भेजकर इस केस की सूचना दी गई. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब वो जांच के लिए बाथरूम के अंदर पहुंचे, तो घुटन जैसी महसूस हुई. सिलेंडर और गैस गीजर अंदर ही रखा था. प्रॉपर वेंटिलेशन का कोई इंतजाम नहीं था. वेंटिलेशन के लिए दरवाजे के ऊपर जो कांच लगाया था, वो भी बंद था. ऐसे में आशंका है दम घुटने से दोनों की मौत होगी.

दीपक गोयल ने कुछ महीनों पहले ही पेंट बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल की फैक्ट्री गाजियाबाद में खोली थी. पत्नी शिल्पी हाउस वाइफ थी. परिवार में दो बच्चे हैं. बेटी 14 साल और बेटा 12 साल का है.

इस घटना से मृतक का पूरा परिवार स्तब्ध है. होली की खुशियां मातम में बदल गई है.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!