गौरव खन्ना ने जीता “बिग बॉस 19”, मिली इतनी इनाम राशि
मुंबई | ‘बिग बॉस 19’ के विजेता के नाम का एलान हो गया है. गौरव खन्ना इस सीजन के विजेता बने है. फरहाना भट्ट को हराकर गौरव खन्ना ने यह जीत हासिल की है. जनता ने सबसे ज्यादा वोट देकर उन्हें जीत दिलाई है. दोनों ने शानदार तरीके से गेम खेला और सभी को पीछे छोड़ते हुए टॉप-2 कंटेस्टेंट बने.
माना जा रहा है कि गौरव खन्ना को बिग बॉस ट्रॉफी के साथ 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा.
कानपुर निवासी गौरव खन्ना टीवी इंडस्ट्री में दो दशक से सक्रिय है. वह एक जाना माना नाम है. उनका जन्म 11 दिसंबर 1981 को हुआ था. स्कूलिंग पूरी करने के बाद उन्होंने मुंबई से एमबीए किया. शुरुआती दिनों में उन्होंने एक आईटी फर्म में मार्केटिंग मैनेजर के रूप में काम किया लेकिन उनका रुझान अभिनय की दुनिया की ओर था.
उन्होंने टीवी शोज और विज्ञापनों में काम किया. उनका पहला प्रमुख टीवी शो ‘भाभी’ था जिसके बाद उन्होंने ‘कुमकुम: एक प्यारा सा बंधन’, ‘मेरी डोली तेरे अंगना’, ‘जीवनसाथी: हमसफर जिंदगी के’, ‘सीआईडी’, और ‘प्रेम या पहेली: चंद्रकांता’ जैसे शो में काम किया.
साल 2021 में उन्हें सुपरहिट शो ‘अनुपमा’ के जरिए पहचान मिली जिसमें उन्होंने अनुज कपाड़िया का किरदार निभाया. इस शो में गौरव को मुख्य भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का इंडियन टेली अवॉर्ड भी मिल चुका है.
गौरव खन्ना का खेल ‘बिग बॉस-19’ में उनकी सूझबूझ, शांत स्वभाव और रणनीति का सटीक उदाहरण है. बिग बॉस को लेकर अक्सर लोगों की सोच है कि जो चिल्लाकर या जोर-जोर से अपनी बातें रखता है वही जीत की तरफ बढ़ता है. लेकिन गौरव ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया. उन्होंने शुरू से ही अपने आपको शांत रखा बिना शोर मचाए और बिना किसी विवाद में उलझे उन्होंने घर के हर सदस्य की हर चाल का ध्यान रखा. उनका गेम प्लान ‘साइलेंट बट डेडली’ का रहा. उन्होंने कम बोला लेकिन जब भी अपनी बात रखी. इसका असर पूरे घर पर हुआ.
गौरव खन्ना ने कई बार यह साबित किया कि वह अपनी रणनीति के दम पर खेल को पलटते है. उन्होंने अपनी समझदारी से कई टास्क में जीत हासिल की और जरूरत पड़ने पर खड़े होकर दोस्तों को भी बचाया. उनके व्यवहार में संयम, धैर्य और सूझबूझ साफ दिखाई दी. उन्हें घर के अन्य कंटेस्टेंट्स ने कई बार ‘गेम प्लानर’ और ‘चालाक’ जैसे टैग भी दिए.
