माधवराव सिंधिया से अजित पवार तक: विमान हादसों में जान गंवाने वाले प्रमुख राजनेता और हस्तियां
फोटो: आईएएनएस
माधवराव सिंधिया से अजित पवार तक: विमान हादसों में जान गंवाने वाले प्रमुख राजनेता और हस्तियां
मुंबई | महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार (28 जनवरी) को निधन हो गया. वह चार्टर्ड प्लेन (विमान) से बारामती (महाराष्ट्र) जा रहे थे. पुणे के बारामती हवाई अड्डे पर प्लेन ने उतरने की कोशिश की पर वह दुर्घटना का शिकार हो गया. विमान के दुर्घटनाग्रस्त होते ही जोरदार विस्फोट हुआ. इसके बाद उसमें आग लग गई. विमान में सवार चार अन्य लोग भी काल के गाल में समा गए.
66 वर्षीय अजित पवार का दुखद निधन पहले के विमान हादसों की याद ताजा करता है. इन हादसों में कई प्रमुख हस्तियों और राजनीतिक नेताओं की जान चली गई थी.
नीचे कुछ प्रमुख नेता और प्रसिद्ध व्यक्तियों की सूची दी गई है जिनकी विमान दुर्घटनाओं में मृत्यु हुई थी –
विजय रुपाणी (2025): गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का 12 जून 2025 को अहमदाबाद में हुए एक भीषण विमान हादसे में निधन हो गया था. वह लंदन जा रहे थे. विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से उनकी जान चली गई. इस हादसे में विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की मौत हो गई थी.
जनरल बिपिन रावत (2021): भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत का 8 दिसंबर 2021 को तमिलनाडु के कूनूर के पास हेलिकॉप्टर दुर्घटना में निधन हो गया था. वह सुलूर से वेलिंगटन (तमिलनाडु) जाते समय अपनी पत्नी और 11 अन्य लोगों के साथ यात्रा कर रहे थे.
दोरजी खांडू (2011): अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोरजी खांडू का 30 अप्रैल 2011 को निधन हो गया था. वह हेलीकाप्टर में सवार. उड़ान के कुछ समय बाद उनका हेलीकाप्टर वेस्ट कामेंग जिले (अरुणाचल) में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.
वाईएस राजशेखर रेड्डी (2009): आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी की 2 सितंबर 2009 को बेल-430 हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से मौत हो गई थी. खराब मौसम के कारण उनका हेलिकॉप्टर राज्य के नल्लामाला के घने जंगलों में गिर गया था.
ओपी जिंदल (2005): हरियाणा के ऊर्जा मंत्री और प्रसिद्ध उद्योगपति ओपी जिंदल का 2 मार्च 2005 को निधन हो गया था. दरअसल, उनका हेलीकाप्टर यूपी के सहारनपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. तकनीकी खराबी को हादसे का कारण बताया गया था.
माधवराव सिंधिया (2001): वरिष्ठ कांग्रेस नेता माधवराव सिंधिया का 30 सितंबर 2001 को निधन हो गया था. वह उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक जनसभा को संबोधित करने जा रहे थे. इस दौरान उनका 10-सीटर निजी सेसना विमान खराब मौसम के कारण उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.
सुरेंद्र नाथ (1994): पंजाब के राज्यपाल सुरेंद्र नाथ की 9 जुलाई 1994 को एक भीषण विमान हादसे में मृत्यु हो गई थी. इस दुर्घटना में उनके परिवार के नौ अन्य सदस्यों की भी जान चली गई थी. खराब मौसम के कारण सुपर-किंग विमान (सरकारी विमान) हिमाचल प्रदेश के दुर्गम ऊंचे पहाड़ों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.
संजय गांधी (1980): तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पुत्र संजय गांधी का 23 जून 1980 को निधन हो गया था. वह केवल 34 वर्ष के थे. दिल्ली के सफदरजंग हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उनके द्वारा उड़ाया जा रहा एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. उनका विमान तीन मूर्ति भवन के पास जा गिरा था.
