बिरयानी के बाद खाया तरबूज फिर थोड़ी ही देर में खत्म हो गया पूरा परिवार, दो बच्चों समेत पति-पत्नी की मौत

WATER MELON

सांकेतिक तस्वीर

The Hindi Post

बिरयानी के बाद खाया तरबूज फिर थोड़ी ही देर में खत्म हो गया पूरा परिवार, दो बच्चों समेत पति-पत्नी की मौत

 

मुंबई | मुंबई के पायधोनी इलाके से संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है. यहां एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में 40 वर्षीय व्यक्ति, उसकी 35 वर्षीय पत्नी और उनकी दो बेटियां शामिल हैं. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी.

मुंबई पुलिस के अनुसार, घटना 25 अप्रैल की रात की है, जब परिवार के कुल नौ सदस्यों ने रात करीब 10:30 बजे साथ में खाना खाया था. खाना खाने के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए. देर रात करीब 1 बजे से 1:30 बजे के बीच मृतक परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया था.

इसके बाद 26 अप्रैल की सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत हुई. शुरुआत में परिवार के डॉक्टर ने इलाज किया. बाद में हालत गंभीर होने पर उन्हें जेजे अस्पताल रेफर कर दिया गया.

इलाज के दौरान सबसे पहले छोटी बेटी जैनब की सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई. इसके बाद रात करीब 10:30 बजे पिता अब्दुल्ला दोकाडिया ने दम तोड़ दिया. बाद में उसकी पत्नी नसरिन दोकाडिया और बड़ी बेटी आयशा की भी इलाज के दौरान मौत हो गई.

पुलिस ने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है लेकिन मौत की असली वजह हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत (एडी) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

प्रारंभिक बयान में परिवार के एक सदस्य ने पुलिस को बताया कि परिवार ने पहले बिरयानी खाई थी और बाद में तरबूज खाया था. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फूड पॉइजनिंग किस चीज से हुई.

इस बीच झारखंड के गिरिडीह जिले में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां कथित रूप से दूषित गोलगप्पे और चाट खाने से सात साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य लोग बीमार होकर अस्पताल में भर्ती कराए गए.

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, दूषित भोजन या पानी के सेवन से फूड पॉइजनिंग हो सकती है. इससे उल्टी, दस्त, पेट दर्द और मतली जैसी समस्याएं होती हैं. प्रशासन ने लोगों से भोजन की स्वच्छता को लेकर सतर्क रहने की अपील की है.

IANS

मुंबई में फूड पॉइजनिंग ने उजाड़ा परिवार, दो बेटी समेत मां-बाप की मौत

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!