कारोबारी के घर फायरिंग के बाद पुलिस का एक्शन, मुठभेड़ में 4 शूटर ढेर

firing at Gurugram businessman house 4 killed in police encounter

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

कारोबारी के घर फायरिंग के बाद पुलिस का एक्शन, मुठभेड़ में 4 शूटर ढेर

 

गुरुग्राम | गुरुग्राम (हरियाणा) के सुशांत लोक फेज-2 इलाके में क्राइम ब्रांच और हथियारबंद अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में चार गैंगस्टर ढेर हो गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया. इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोलीबारी में गुरुग्राम पुलिस के तीन जवान भी घायल हुए हैं.

पुलिस के मुताबिक, एक कारोबारी से रंगदारी मांगी गई थी. विदेशी धरती से काम कर रहे एक गैंगस्टर के नाम पर मांगी गई इस रंगदारी को देने से जब कारोबारी ने इनकार कर दिया तो आरोपियों ने उनके घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी.

क्राइम ब्रांच को गुरुवार रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली थी कि एक एसयूवी (SUV) में कुछ हथियारबंद बदमाश सवार हैं. इस इनपुट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की कई टीमों ने नाकाबंदी कर दी.

सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) धर्मवीर सिंह ने पत्रकारों को बताया कि जब तक पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और नाका लगाया तब तक हथियारबंद लोगों ने कारोबारी के घर पर फायरिंग शुरू कर दी थी. इस कारोबारी को विदेश से सक्रिय एक वांटेड गैंगस्टर से लगातार रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं जिसके कारण उन्हें निशाना बनाया गया था.

सरेंडर की चेतावनी के बाद भी चलाई गोलियां
पुलिस टीमों ने बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया था और उन्हें आत्मसमर्पण करने को कहा. खुद को घिरा देख आरोपियों ने भागने की कोशिश में पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिससे दोनों तरफ से काफी देर तक गोलीबारी होती रही.

बताया जा रहा है ये बदमाश दीपक नांदल गैंग से जुड़े थे. मुठभेड़ के दौरान पांच शूटरों को गोलियां लगीं. उन्हें तुरंत एक निजी सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया. पांचवां आरोपी अभी भी अस्पताल में भर्ती है जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है.

मुठभेड़ में घायल हुए गुरुग्राम पुलिस के तीनों जवानों को भी तुरंत अस्पताल स्थानांतरित किया गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है. डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है.

मौके से पांच विदेशी पिस्टल बरामद
पुलिस के अनुसार, इस मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 60 राउंड गोलियां चलीं. वारदात के बाद क्राइम सीन (SoC) यूनिट और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमों के साथ-साथ डीसीपी (क्राइम) और डीसीपी (ईस्ट) सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने अपराध स्थल की विस्तृत वैज्ञानिक जांच की और महत्वपूर्ण फॉरेंसिक व तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए.

गुरुग्राम पुलिस ने दोहराया कि जनता की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आतंक फैलाने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है. मारे गए और घायल आरोपियों की पहचान तथा उनके आपराधिक बैकग्राउंड का खुलासा बाद में किया जाएगा. मौके से पांच विदेशी पिस्तौल भी बरामद की गई हैं.

 

IANS/Hindi Post Dot In

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!