‘कॉकरोच जनता पार्टी’ छोड़िए, जॉइन करें ‘इश्क करो पार्टी’…., पूर्व जज की लोगों से इस अपील पर क्या बोले अभिजित दिपके ?
फोटो: सोशल मीडिया / एक्स
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ छोड़िए, जॉइन करें ‘इश्क करो पार्टी’…., पूर्व जज की लोगों से इस अपील पर क्या बोले अभिजित दिपके ?
पुणे | कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दिपके ने बुधवार को पुणे में मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी आगे की रणनीति की जानकारी दी. इस मौके पर जब उनसे सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू की ‘इश्क करो पार्टी’ के बारे में पूछा गया, तो दिपके ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और यहां हर किसी को अपनी पार्टी बनाने का पूरा अधिकार है.
क्या है जस्टिस काटजू की ‘इश्क करो पार्टी’?
सोशल मीडिया पर अपने बेबाक बयानों के लिए मशहूर पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने हाल ही में एक व्यंग्यात्मक पार्टी – ‘इश्क करो पार्टी’ बनाने का एलान किया था. उन्होंने युवाओं से कॉकरोच जनता पार्टी छोड़कर इसमें शामिल होने की अपील की थी. काटजू ने स्पष्ट किया कि लोग इसे सिर्फ लड़के-लड़कियों का रोमांस न समझें. उनकी पार्टी के लिए ‘इश्क’ का मतलब देश और यहां के लोगों (चाहे वे किसी भी धर्म, जाति या भाषा के हों) से प्यार करना और आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना है.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के लिए अल्टीमेटम; कल से आंदोलन
दूसरी तरफ, नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने आक्रामक रुख अपना लिया है. अभिजीत दिपके ने चेतावनी दी कि अगर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो उनकी पार्टी पूरे देश में बड़ा आंदोलन करेगी.
• गुरुवार (कल): पुणे विश्वविद्यालय से इस आंदोलन की शुरुआत होगी, जहां छात्र जुटकर इस्तीफे की मांग करेंगे.
• अगला चरण: इसके बाद जयपुर, लखनऊ और बेंगलुरु में खुद दिपके जाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे.
• 20 तारीख: यदि फिर भी इस्तीफा नहीं हुआ, तो देश भर के युवा 20 तारीख को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुटेंगे.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
