चलती ट्रेन से देर रात रात पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर गिरफ्तार, नींद से…..

Amitabh Thakur

अमिताभ ठाकुर (फाइल फोटो | आईएएनएस)

The Hindi Post

चलती ट्रेन से देर रात रात पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर गिरफ्तार, नींद से…..

 

पूर्व आईपीएस अधिकारी (यूपी कैडर) अमिताभ ठाकुर को मंगलवार देर रात शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लखनऊ पुलिस ने सर्विलांस के आधार पर लोकेशन ट्रेस कर अमिताभ ठाकुर को शाहजहांपुर पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया. अचानक हुई इस कार्रवाई से सहयात्रियों और मौजूद लोगों में हलचल मच गई.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमिताभ ठाकुर लखनऊ से नई दिल्ली जा रहे थे. रात करीब 1 बजे उन्हें गिरफ्तार किया गया. उस समय वह सो रहे थे. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें जगाकर नीचे उतारा. इसके बाद उन्हें अरेस्ट कर लिया गया.

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि अमिताभ ठाकुर को देवरिया (यूपी) में जमीन से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया गया है. अमिताभ ठाकुर के खिलाफ लखनऊ के तालकटोरा थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज है. गिरफ्तारी की सूचना बुधवार सुबह तालकटोरा थाना प्रभारी कुलदीप कुमार दुबे ने फोन पर उनकी पत्नी नूतन ठाकुर को दी.

डीसीपी पश्चिम (लखनऊ) विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया, “दिनांक 12.09.2025 को संजय शर्मा जोकि तालकटोरा (लखनऊ) निवासी हैं, के द्वारा थानाध्यक्ष को प्रार्थनापत्र दिया था. इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर जब देवरिया में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे तो उनके और उनकी पत्नी के द्वारा छद्म नाम का और अपने प्रभाव का उपयोग करते हुए कूट रचित दस्तावेज बनाकर एक औद्योगिक प्लॉट देवरिया में आवंटित कराया गया था और इसको विक्रय कर लाभ लिया गया था. इस प्रार्थना पत्र पर मामला दर्ज करते हुए निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठित की गई. एसआईटी ने साक्ष्य इकठ्ठा कर आज सबूतों के आधार पर सीतापुर-शाहजहांपुर बॉर्डर के पास से पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया. उन्हें अब देवरिया कोर्ट में पेश किया जाएगा.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!