पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज की अपार्टमेंट की बिल्डिंग से गिरकर मौत; आत्महत्या का संदेह

David Johnson
The Hindi Post

टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी डेविड जॉनसन की गुरुवार को बेंगलुरु में अपने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई.

पुलिस को संदेह है कि 52 वर्षीय जॉनसन ने अपार्टमेंट की इमारत से कूदकर आत्महत्या की है. हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक बयान आना बाकी है.

पुलिस के अनुसार, जॉनसन एसएलवी पैराडाइज अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिर गए. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया पर उन्हें बचाया नहीं जा सका.

प्रारंभिक जांच से इस बात का संकेत मिलता है कि जॉनसन अवसाद से पीड़ित थे. बेंगलुरु की कोथनूर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

David Johnson 2 (1)
Photo Credit: IANS

पुलिस ने कहा कि जॉनसन एक साल से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे थे और पिछले हफ्ते अस्पताल में भर्ती थे.

पूर्व भारतीय क्रिकेटर अनिल कुंबले ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मेरे क्रिकेट साथी डेविड जॉनसन के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ. उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना. बहुत जल्दी चले गए, ‘बेनी’!”

जॉनसन पूर्व तेज गेंदबाज थे. उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम के साथ अपने संक्षिप्त कार्यकाल के लिए जाना जाता था.

उन्होंने 1996 में भारत के लिए दो टेस्ट खेले थे. इसमें उन्होंने तीन विकेट लिए थे. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने कर्नाटक के लिए 39 प्रथम श्रेणी मैचों में 125 विकेट चटकाए थे.

जॉनसन के करियर का सबसे खास पल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में 157.8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकना था. उनका जन्म 16 अक्टूबर 1971 को कर्नाटक के हसन जिले के अर्सिकेरे शहर में हुआ था.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!