पूर्व सेना प्रमुख दीपक कपूर राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में हुए शामिल
कुरुक्षेत्र (हरियाणा) | पूर्व सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व में सशस्त्र बल के सेवानिवृत्त अधिकारियों का एक समूह रविवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुआ.
कुछ दिन पहले रॉ (RAW) के पूर्व प्रमुख ए.एस. दुलत भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे. जनरल कपूर के साथ लेफ्टिनेंट जनरल आर.के. हुड्डा (सेवानिवृत्त), लेफ्टिनेंट जनरल वी.के. नरूला (सेवानिवृत्त), लेफ्टिनेंट जनरल डी.डी.एस. संधू (रिटायर्ड), एयर मार्शल पी.एस. भंगू (सेवानिवृत्त), मेजर जनरल सतबीर सिंह चौधरी (सेवानिवृत्त), मेजर जनरल धर्मेद्र सिंह (सेवानिवृत्त), मेजर जनरल बिशंबर दयाल (सेवानिवृत्त), कर्नल जितेंद्र गिल (सेवानिवृत्त), कर्नल पुष्पेंद्र सिंह (सेवानिवृत्त), और कर्नल रोहित चौधरी (सेवानिवृत्त) मौजूद थे.
भारत जोड़ो यात्रा बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों को आकर्षित कर रही है, क्योंकि राहुल गांधी अग्निवीर योजना के विरोधी हैं और इस पर सरकार की आलोचना करते आ रहे है. अपनी यात्रा के दौरान हरियाणा के पानीपत में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि पहले एक सैनिक 15 साल तक देश की सेवा करता था और उचित प्रशिक्षण दिया जाता था और सेवानिवृत्ति लाभ दिया जाता था, लेकिन अब 5 साल बाद वह बेरोजगार हो जाएगा.
भारत जोड़ो यात्रा इस समय हरियाणा में है और यह पंजाब, हिमाचल प्रदेश से होते हुए जम्मू और कश्मीर में जाकर खत्म होगी.
आईएएनएस
