सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, मंगोलिया में हुई लैंड
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली आ रही फ्लाइट की इस देश में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, सामने आई वजह….
नई दिल्ली | एयर इंडिया ने सोमवार को जानकारी देते हुए कहा कि एयरलाइन (एयर इंडिया) की सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली आ रही फ्लाइट को तकनीकी खराबी की आशंका के कारण लैंड करवाना पड़ा. विमान की लैंडिंग मंगोलिया में हुई.
एयरलाइन ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, “2 नवंबर को सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए दिल्ली आ रही फ्लाइट – एआई174 को तकनीकी खराबी की आंशका के चलते मंगोलिया के उलानबटार में लैंड होना पड़ा.”
कंपनी ने आगे जानकारी देते हुए बताया, “विमान उलानबटार में सुरक्षित रूप से लैंड हो गया है और सभी जरूरी चेकअप किए जा रहे हैं.”
एयर इंडिया के स्पोकपर्सन ने बताया कि एयरलाइन (एयर इंडिया) सभी यात्रियों की मदद के लिए अपने पार्टनर्स के साथ मिलकर काम कर रही है और जल्द से जल्द सभी को उनकी मंजिल तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.
एयर इंडिया ने यात्रियों से माफी मांगते हुए कहा, “अचानक पैदा हुई इस स्थिति के कारण यात्रियों को हुई परेशानी के लिए हमें खेद है. एयर इंडिया में, यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.”
एयर इंडिया फ्लाइट स्टेटस ट्रैकिंग सिस्टम पर दी जा रही जानकारी के अनुसार, एआई174, 2 नवंबर दोपहर 2 बजकर 47 मिनट पर सैन फ्रांसिस्को से रवाना होने के बाद शाम करीब 7 बजकर 40 मिनट पर उलानबटार में लैंड हुई.
इससे पहले अक्टूबर में एयर इंडिया की मुंबई से अमेरिका के न्यू जर्सी के शहर न्युवार्क जाने वाली फ्लाइट को उड़ान भरने के बाद तकनीकी खराबी के कारण वापस लौटना पड़ा था.
IANS
