कपिल शर्मा के कैफे पर गोलीबारी के बाद मैनेजमेंट टीम का बयान आया सामने, क्या बताया ?

KAPS CAFE

कनाडा में पिछले सप्ताह खुले कपिल शर्मा के कैफे पर आतंकियों ने गोलीबारी की/ फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

मुंबई | कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा के कनाडा स्थित ‘कप्स कैफे’ पर गुरुवार को गोलीबारी की घटना के बाद कैफे की टीम का शुक्रवार को बयान सामने आया. अपने बयान में उन्होंने हार न मानने की बात कही.

हाल ही में लॉन्च हुआ ‘कप्स कैफे’ कनाडा के सरे, ब्रिटिश कोलंबिया में स्थित है. यहां गोलीबारी की घटना हुई. इस हमले में नौ राउंड फायरिंग की गई. गोलीबारी में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है.

खालिस्तानी आतंकवादी हरजीत सिंह लड्डी ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है. इस घटना से कैफे की टीम सदमे में है लेकिन उन्होंने हार न मानने का फैसला किया है.

कप्स कैफे के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर टीम ने एक बयान जारी किया. इसमें कहा गया, “हम मुश्किल समय से गुजर रहे हैं लेकिन अपने सपने को जारी रखेंगे. कैफे को इसलिए शुरू किया गया ताकि लोग एक-दूसरे से जुड़ा महसूस करें और उनमें सामुदायिकता का भाव हो. हम इसे ऐसा ही बनाए रखना चाहते हैं. लोगों के समर्थन और प्रार्थनाओं के लिए आभार. आपके प्यार भरे संदेश और समर्थन ने हमें हिम्मत दी है. यह कैफे आपके विश्वास के कारण ही है. आइए, हिंसा के खिलाफ एकजुट हों और कप्स कैफे को प्यार का स्थान बनाएं.”

कैफे ने सरे पुलिस और डेल्टा पुलिस के त्वरित एक्शन के लिए भी धन्यवाद दिया.

कपिल की पत्नी गिन्नी चतरथ ने इसकी बागडोर संभाल रखी है. हाल ही में कपिल ने सोशल मीडिया पर कैफे की झलकियां साझा की थीं. इसमें कैफे का इंटीरियर काफी आकर्षक लग रहा था.

कैफे का मेनू भी खास है जिसमें स्पेशल कॉफी के साथ-साथ लेमन पिस्ता केक, फज ब्राउनी और क्रोइसैन जैसे स्वादिष्ट डेजर्ट शामिल हैं.

कपिल शर्मा ने 7 जुलाई को ही ‘कैप्स कैफे’ का उद्घाटन किया था. हमला 10 जुलाई की आधी रात को हुआ. कैफे पर 9 राउंड की फायरिंग की गई. हमलावर ने हमले का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैं.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!