आम आदमी पार्टी के तीन बड़े नेताओं पर एफआईआर…..

First Information Report FIR (1) (1)
The Hindi Post

आम आदमी पार्टी के तीन बड़े नेताओं पर एफआईआर…..

 

नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं संजय झा और आदिल अहमद खान के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि यह मामला दिल्ली की वायु गुणवत्ता से जुड़े एक राजनीतिक वीडियो में सांता क्लॉज के कथित आपत्तिजनक चित्रण से संबंधित है.

पुलिस के अनुसार, 17 और 18 दिसंबर को इन नेताओं के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साझा किए गए वीडियो में सांता क्लॉज को गैस मास्क पहने हुए और सड़क पर “बेहोश” अवस्था में दिखाया गया था. इसी आधार पर तीनों नेताओं को एफआईआर में नामजद किया गया है.

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 302 के तहत केस दर्ज किया है. इसमें अधिकतम एक वर्ष की सजा, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है. यह धारा शब्दों, संकेतों, दृश्य प्रस्तुतियों या किसी अन्य माध्यम से जानबूझकर किसी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से संबंधित अपराधों पर लागू होती है. इसका उद्देश्य धार्मिक सौहार्द बनाए रखना और सामाजिक संतुलन सुनिश्चित करना है.

सौरभ भरद्वाज की फाइल फोटो (आईएएनएस)

यह प्राथमिकी अधिवक्ता खुशबू जॉर्ज की शिकायत पर दर्ज की गई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो में ईसाई धर्म के सांस्कृतिक और धार्मिक प्रतीक सांता क्लॉज को अपमानजनक और उपहासपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया जिससे समुदाय की आस्था को ठेस पहुंची है.

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों और सोशल मीडिया सामग्री की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!