राजस्थान पुलिस ने विक्रम भट्ट को हिरासत में लिया, क्या है यह मामला ?

Vikram Bhatt 2 (1)

विक्रम भट्ट की फाइल फोटो (क्रेडिट: आईएएनएस)

The Hindi Post

मुंबई | फिल्ममेकर विक्रम भट्ट को राजस्थान पुलिस उदयपुर ले गई है. भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट के खिलाफ उदयपुर के एक डॉक्टर ने शिकायत दर्ज कराई थी,जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया. डॉक्टर ने आरोप लगाया था कि विक्रम भट्ट ने फिल्म बनाने के बहाने उनसे करोड़ों रुपए की ठगी की.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भट्ट, उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट और छह अन्य लोगों पर इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के फाउंडर डॉ. अजय मुर्डिया से 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है.

गौरतलब है कि पुलिस इस मामले में छह आरोपियों को दो बार नोटिस जारी कर चुकी है. नोटिस में उन्हें 8 दिसंबर तक पुलिस के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया था.

एफआईआर के मुताबिक, डॉ. मुर्डिया ने आरोप लगाया है कि वह पिछले साल अप्रैल में विक्रम भट्ट से मिले थे और दोनों के बीच इंदिरा मुर्डिया (डॉ. मुर्डिया की दिवंगत पत्नी) की याद में एक फिल्म बनाने को लेकर बात हुई थी. कहा जा रहा है कि इस फिल्म के माध्यम से इंदिरा मुर्डिया की जिंदगी और इनफर्टिलिटी ट्रीटमेंट के फील्ड में उनके काम को श्रद्धांजलि देने का प्लान था.

एफआईआर के मुताबिक, डॉ. मुर्डिया से कहा गया था कि फिल्म से करीब 200 करोड़ रुपए का प्रॉफिट होगा.

इस बायोपिक के अलावा, दोनों के बीच एक ऐतिहासिक युद्ध की कहानी पर आधारित अलग प्रोजेक्ट पर भी बात हुई थी.

डॉ. मुर्डिया ने आरोप लगाया है कि विक्रम भट्ट ने उन्हें फिल्म प्रोडक्शन के सभी पहलुओं को मैनेज करने का भरोसा दिया था.

उदयपुर के भूपालपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में भट्ट और उनके साथियों पर फाइनेंशियल गड़बड़ियां करने और शिकायत करने वाले से झूठे वादे करने का आरोप लगा है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!