रात दो बजे मची चीख-पुकार, दरवाजा खोला तो खून से लथपथ मिला बेटी का शव, घर में घुसकर छात्रा की गोली मारकर हत्या
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
रात दो बजे मची चीख-पुकार, दरवाजा खोला तो खून से लथपथ मिला बेटी का शव, घर में घुसकर छात्रा की गोली मारकर हत्या
मुजफ्फरपुर | बिहार में एक ओर विपक्ष जहां सरकार पर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर हमलावर है वहीं अपराधी भी लगभग हर रोज बड़ी वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं.
इस बीच, मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर देने की घटना सामने आई है. दरअसल, यह पूरा मामला मंसूरपुर गांव का बताया जा रहा है जहां अपराधी ने देर रात घटना को अंजाम दिया.
बताया जा रहा है कि रोज की तरह पूरा परिवार रात में खाना-पीना कर सो गए थे. रात के करीब दो बजे मृतका के पिता अपने कमरे से बाहर निकले तो आंगन में बेटी का खून से लथपथ शव को देखकर बौखला गए और उन्होंने शोर मचाया.
मृतक की मां ने बताया कि उनकी बेटी रात को घर में सो रही थी अचानक देर रात शोर हुआ. दरवाजा खोला तो आंगन में बेटी की खून से लथपथ लाश पड़ी थी. घटना कैसे हुई, ये उन्होंने नहीं देखा. आशंका जताई जा रही है कि मृतका बाथरूम के लिए उठी होगी तभी बदमाश ने इस घटना को अंजाम दिया है.
पुलिस हालांकि हत्या के कारणों को लेकर अब तक कुछ नहीं कह रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस का दावा है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी है. स्थानीय लोगों द्वारा इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है लेकिन हत्या के सही कारणों की जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही सामने आ पाएगी.
आईएएनएस
