बुजुर्ग महिला पर टूट पड़े आवारा कुत्ते, 25 से ज्यादा जगहों पर काटा
जालंधर | जालंधर शहर में एक बुजुर्ग महिला को कुत्तों ने घेरकर उन पर हमला कर दिया. खून से लथपथ महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, 65 साल की महिला गुरुद्वारा साहिब से अकेली लौट रही थी. इस रास्ते में काफी संख्या में आवारा कुत्ते थे. इन कुत्तों ने बुजुर्ग महिला को चारों तरफ से घेर कर उन पर हमला कर दिया. कुत्तों ने महिला को करीब 25 से ज्यादा जगह पर काटा. इस हमले में महिला नीचे गिर गई. इससे उनके सिर में भी चोट आई है.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है महिला को कुत्तों ने चारों तरफ से घेरा हुआ है और वह उनसे बचने का प्रयास कर रही है.
महिला के पति ने बताया कि कॉलोनी के एक युवक ने मौके पर पहुंचकर कुत्तों को भगाया. उसके साथ एक अन्य युवक और कश्मीरी शख्स ने खून से लथपथ बुजुर्ग महिला को घर पहुंचाया. उन्होंने बताया कि वह उन्हें लेकर निजी अस्पताल गए थे लेकिन कुत्तों के काटने का मामला होने के कारण महिला को सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया.
जानकारी के लिए आपको बता दें कि कुत्तों के काटने से रेबीज होने का खतरा होता है. रेबीज एक जानलेवा बीमारी है. रेबीज बीमारी नसों और मस्तिष्क को प्रभावित करती है.
Reported By: IANS, Edited By: Hindi Post Web Desk
