मोदी ने ‘मन की बात’ में जिस कुत्ते का जिक्र किया, उसकी मेरठ में मौत
प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) के कर्मियों की ओर से पूरे सम्मान के साथ कुत्ते को दफनाया गया (Photo: IANS)
मेरठ (उत्तर प्रदेश) | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में जिस ‘राकेश’ नामक पीएसी के कुत्ते का जिक्र किया गया था, उसकी लीवर और किडनी संक्रमण के कारण मौत हो गई है। इस कुत्ते की मंगलवार को मृत्यु हो गई और उसे प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) के कर्मियों की ओर से पूरे सम्मान के साथ दफनाया गया।
प्रधानमंत्री ने अपने कार्यक्रम में कुत्ते की देखभाल के लिए पीएसी की प्रशंसा की थी।
कुत्ते का नाम उसके मालिक राकेश के नाम पर रखा गया था। राकेश एक चाय की दुकान का मालिक था और जिसने कुछ समय के लिए कुत्ते की देखभाल की थी।
हेड कांस्टेबल अजीज-उर-रहमान खान ने कहा, “एक चाय स्टाल के मालिक राकेश, आवारा कुत्ते की देखभाल करते थे। हालांकि वह कोविड-19 के कारण लागू किए गए शुरुआती लॉकडाउन के बाद अपने गृहनगर वापस चले गए और कुत्ता यहीं पर रह गया।”
इसके बाद सभी प्रशिक्षु जवानों, कांस्टेबलों और हेड कांस्टेबलों ने आवारा कुत्ते को खूब प्यार दिया और उसकी देखभाल की। जवानों ने इस कुत्ते का नाम उसके मालिक ‘राकेश’ के नाम पर ही रख दिया।
बीमार पड़ने के बाद ‘राकेश’ की पांच वर्ष की उम्र में मौत हो गई।
आईएएनएस
