HIV संक्रमित मरीज को डॉक्टर ने जड़े कई थप्पड़, वीडियो हुआ वायरल

Indore doctor slaps patient for not informing about being HIV positive (1)
The Hindi Post

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक डॉक्टर का HIV संक्रमित मरीज को पीटने और गाली देने का मामला सामने आया है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर वायरल हुआ है. वीडियो सामने आने के बाद डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की गई और उसे सस्पेंड कर दिया गया.

ये बात है महाराजा यशवंतराव अस्पताल (एमवाईएच) की जहां के एक जूनियर डॉक्टर ने मरीज को बुरी तरह पीट दिया.

45 साल के HIV पीड़ित शख्स का सड़क हादसे में पैर फ्रैक्चर हो गया था. घायल शख्स को उज्जैन के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के चलते उसे इलाज के लिए उज्जैन से एमवाईएच रेफेर किया गया था.

इस हॉस्पिटल में जूनियर डॉक्टर ने मरीज का इलाज शुरू किया. पर उसे किसी (यानि मरीज या उसके परिजनों) ने यह नहीं बताया कि मरीज HIV संक्रमित है. इससे वह नाराज हो गया था. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि डॉक्टर ड्रेसिंग टेबल पर लेटे मरीज को लगातार थप्पड़ मार रहा है और गालियां दे रहा है.

इस मामले में एमवाईएच अधीक्षक डॉ. प्रमेंद्र ठाकुर ने कहा कि हड्डी रोग एवं ट्रॉमेटोलॉजी विभाग में पदस्थ जूनियर डॉक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

डॉ. ठाकुर ने बताया कि एमवाईएच शहर के सरकारी महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध है. डीन डॉ. संजय दीक्षित ने मामले की जांच करने और तीन दिनों में रिपोर्ट देने के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है.

इस घटना का वीडियो वायरल होते ही राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने X (पहले ट्विटर) पर वीडियो शेयर कर लिखा, ”मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल देखिये:- इंदौर के सरकारी अस्पताल में मरीज का इलाज गालियों और थप्पड़ के साथ हो रहा है.”

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!