पति की हत्या के बाद घंटों लाश के पास बैठकर फोन चलाती रही डॉक्टर पत्नी, बेटे पर भी किया जानलेवा हमला
फोटो: आईएएनएस
पति की हत्या के बाद घंटों लाश के पास बैठकर फोन चलाती रही डॉक्टर पति, बेटे पर भी किया जानलेवा हमला
धारवाड़ | कर्नाटक के धारवाड़ से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने पुलिस को भी झकझोर कर रख दिया है. यहां एक महिला ने अपने पति की कथित तौर पर हत्या कर दी. महिला पेशे से डॉक्टर (नेत्र रोग विशेषज्ञ) है. उनकी पहचान प्रिया होन्नानवर उर्फ प्रियंका के तौर पर हुई है. आरोप है कि उन्होंने अपने 8 साल के बेटे पर भी जानलेवा हमला किया. इसके बाद जो हुआ वो और भी भयानक है. डॉ. प्रियंका लाश के पास बैठकर घंटो फोन चलाती रही.
पुलिस ने कहा कि जब वे वारदात स्थल पर पहुंचे तो देखा कि डॉक्टर प्रियंका अपने कमरे के बेड (बिस्तर) पर बैठी हुई थी, जबकि उसके पति किरण होन्नानवर (45 वर्ष) का खून से लथपथ शव फर्श पर पड़ा था. उनका बेटा निहीत गंभीर अवस्था में था.
इस घटना का बुधवार रात को तब पता चला जब पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी.
सोते समय किया हमला, खुदकुशी की भी कोशिश
हुबली-धारवाड़ के पुलिस कमिश्नर एन. शशिकुमार ने बताया कि अपार्टमेंट (वारदात स्थल) का मंजर बहुत खौफनाक था. उन्होंने कहा कि वहां ऐसा मंजर था जो पुलिस ने भी हाल के समय में कभी नहीं देखा था.
एन. शशिकुमार ने कहा, “जब हम अपार्टमेंट के भीतर दाखिल हुए तो हमने देखा कि डॉ. किरण जमीन पर पड़े हुए थे. वह खून से लथपथ थे. बच्चे के शरीर पर भी चाकू के गहरे घाव थे लेकिन उसकी सांसें चल रही थीं. हमने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है.”
जांचकर्ताओं को अंदेशा है कि डॉ. प्रियंका ने घरेलू विवाद के चलते अपने पति और बेटे पर तब चाकू से हमला किया होगा जब वे सो रहे होंगे. बेलगावी के रहने वाले डॉ. किरण एक एनेस्थेटिस्ट (बेशी के डॉक्टर) थे और पिछले लगभग 12 सालों से अपनी पत्नी और बेटे के साथ धारवाड़ में रह रहे थे.
पुलिस को महिला के बेडरूम से कुछ इंजेक्शन और दवाएं भी बरामद हुई हैं.
बाद में डॉ. प्रियंका ने चक्कर आने की शिकायत की. उन्होंने डॉक्टरों को बताया कि उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या करने के इरादे से खुद को इंसुलिन का इंजेक्शन लगा लिया था.
जांच में उनके हाइपोग्लाइसीमिया (रक्त में शुगर का स्तर बेहद कम होना) से पीड़ित होने की पुष्टि हुई. इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हुबली स्थित कर्नाटक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (KIMS) रेफर कर दिया गया.
पुलिस आयुक्त शशिकुमार ने कहा, “फिलहाल उनकी हालत बयान दर्ज कराने लायक नहीं है. डॉक्टरों से चिकित्सकीय रूप से फिट होने का प्रमाण मिलने के बाद उन्हें रासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी.”
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस घरेलू विवाद, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
इस बीच, डॉ. किरण के परिवार ने प्रियंका के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
By IANS
