मोमोज की ऐसी लत कि लाखों की कीमत के जेवर 14 साल के लड़के ने ठेले वाले को “थमाए”……., होश उड़ा देगा पूरा मामला
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
मोमोज की ऐसी लत कि लाखों की कीमत के जेवर 14 साल के लड़के ने ठेले वाले को “थमाए”……., होश उड़ा देगा पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर हर कोई दंग है. यहां एक 14 वर्षीय किशोर को मोमोज खाने की ऐसी लत लगी कि उसने इसके बदले अपने ही घर के लाखों रुपये के जेवर एक स्ट्रीट वेंडर (ठेले वाले) को सौंप दिए.
मामले का खुलासा तब हुआ जब बच्चे की बुआ अपने मायके पहुंचीं और अपनी ज्वेलरी लेने के लिए अलमारी खोली. अलमारी से कीमती गहने गायब देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई.
जब घर में सख्ती से पूछताछ हुई, तो 14 साल के बच्चे ने जो सच उगला उसने सबको हैरान कर दिया. बच्चे ने कुबूल किया कि उसने धीरे-धीरे अलमारी से गहने निकाले और रामपुर कस्बे में ठेला लगाने वाले एक मोमोज विक्रेता को दे दिए.
बताया जा रहा है कि मोमोज विक्रेता ने बच्चे की मासूमियत और उसकी लत का फायदा उठाया. वह बच्चे को मोमोज खिलाता और बदले में उससे सोने-चांदी के गहने ले लेता था. बच्चा इस बात से अनजान था कि वह कुछ रुपयों के मोमोज के लिए लाखों का नुकसान कर रहा है. बच्चे के पिता ने अब इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी है.
रामपुर कारखाना थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस उस मोमोज विक्रेता की तलाश कर रही है जिसने बच्चे को बहला-फुसलाकर गहने लिए. पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होगा और चोरी किए गए गहने बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
