बदला लेने के लिए दिल्ली में हुआ ट्रिपल मर्डर, दो गिरफ्तार
प्रतीकात्मक फोटो
पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर इलाके में एक घर में एक 38 वर्षीय व्यक्ति, उसकी पत्नी और उनकी घरेलू सहायिका का शव मिला. इससे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक के पूर्व कर्मचारी और उसके पांच से छह सहयोगियों ने इस घटना को अंजाम दिया. यह घटना मंगलवार सुबह हुई.
हत्यारोपियों ने घर में तोड़फोड़ भी की और दंपति का सामान ले गए, जिसमें सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी शामिल है. ऐसा उन्होंने इसलिए किया ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके. हत्यारोपी यह चाहते थे कि इस घटना को डकैती के रूप में दिखाया जा सके. पुलिस ने घटना के छह घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और इस घटना का पर्दाफाश कर दिया.
इस बीच, बाकी के आरोपियों और मुख्य साजिशकर्ता को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है. यह हत्या बदला लेने के लिए किया गया था. मृतकों की पहचान समीर आहूजा, उनकी पत्नी शालू और उनकी घरेलू सहायिका सपना के रूप में हुई है.

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) घनश्याम बंसल के अनुसार, अशोक नगर इलाके में एक घर में लूटपाट की घटना के संबंध में हरि नगर पुलिस स्टेशन में सुबह करीब 9.15 बजे एक कॉल आई, जिसके बाद इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) को रवाना किया गया.
”डीसीपी ने कहा, “जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो समीर, शालू और उनकी नौकरानी सपना के शव पड़े मिले. शालू और सपना दोनों सैलून में भूतल पर मृत पाए गए, जबकि समीर की खून से सनी लाश बिल्डिंग की पहली मंजिल पर मिली.”
डीसीपी ने कहा, “शालू और सपना दोनों का गला धारदार हथियार से काटा गया था और समीर के चेहरे और सिर पर कई चोटें थीं. हालांकि, दंपति की बेटी हॉल में पहली मंजिल पर जीवित मिली.”
अधिकारी ने कहा, “जांच के दौरान, यह पता चला कि दंपति का ड्राइवर सुबह करीब 9 बजे आया था. उसने घर में हुई तोड़फोड़ देखी. उसने पुलिस को सूचना दी.”

“सनसनीखेज अपराध को ध्यान में रखते हुए, कई टीमों का गठन किया गया और इलाके के सीसीटीवी फुटेज को स्कैन किया गया. सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग देखे गए. वे बाइक से सुबह करीब 8 यहां आए थे.”
डीसीपी ने कहा, “आरोपियों को सुबह 9 बजे के आसपास अपराध करने के बाद जल्दबाजी में भागते देखा गया. हालांकि अपराधियों ने सीसीटीवी का डीवीआर अपने साथ रख लिया था, घटना के तकनीकी विश्लेषण ने स्थापित किया कि घटना का मुख्य साजिशकर्ता नौकरानी के घर आने से 10 मिनट पहले घर आया था.”
अधिकारी ने कहा, “सीसीटीवी फुटेज के आधार पर, पुलिस टीम घटना के संबंध में नजफगढ़ निवासी सचिन (19) और उत्तम नगर निवासी सुजीत (21) को पकड़ने में कामयाब रही.” पुलिस ने कहा कि मुख्या साजिशकर्ता भागा हुआ है और उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है.

पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि घटना का मुख्य आरोपी और उसकी प्रेमिका, शालू के सैलून में काम करते थे. दोनों को करीब 10 दिन पहले उनके गैर-पेशेवर रवैये के कारण काम से हटा दिया गया था.
डीसीपी ने कहा, “इस बात से मुख्य साजिशकर्ता ने अपमानित महसूस किया और बदला लेने की योजना बनाई और सुजीत और सचिन के साथ इस पर चर्चा की. आरोपियों ने तीन अन्य लोगों को अपने प्लान में शामिल किया. बनी हुई योजना के अनुसार, दंपति का कत्ल कर दिया गया.”
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “जैसे ही नौकरानी सुबह करीब आठ बजे दंपति के घर पहुंची, आरोपी ने उसको भी मौत के घाट उतार दिया. वे घर में रखे लैपटॉप, नकदी और अन्य सामान अपने साथ ले गए.”
डीसीपी ने कहा, “शालू का आईफोन-13 (प्रो-मैक्स), अपराध करने का हथियार और खून से सना तौलिया बरामद किया गया है. आगे की जांच जारी है.”

ians
