20 वर्षीय युवक पर आठ नाबालिग लड़के टूट पड़े, बहुत मारा, फिर किए चाकू से कई वार, सब देखते रहे कोई नहीं आया बचाने
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
दिल्ली पुलिस ने 20 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में आठ किशोरों को गिरफ्तार किया है. शनिवार रात को राष्ट्रीय राजधानी के संगम विहार इलाके में एक युवक की सरेआम बेरहमी से हत्या कर दी गई थी.
इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि जब युवक पर हमला होता है तो उसे बचाने कोई नहीं आता.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे घटना के संबंध में पीसीआर कॉल मिली थी कि एक शख्स को चाकू मार दिया गया है. मृतक की पहचान दिलशाद (20) के रूप में हुई है. उसे तुगलकाबाद एक्सटेंशन के मजीदिया अस्पताल लाया गया था.
अधिकारी ने कहा, “इसके बाद एक पुलिस टीम मजीदिया अस्पताल पहुंची और देखा कि दिलशाद का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है. उसकी छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से कई वार किए गए थे. वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर था. बाद में उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया था.”
#DelhiCrime #DelhiPolice #SangamVihar pic.twitter.com/DXs569kTPf
— Prashant Tripathi (@prashantncrrepo) September 10, 2023
पुलिस ने शुरुआत में आईपीसी की धारा 307/34 के तहत मामला दर्ज किया था लेकिन बाद में आईपीसी की धारा 302 (हत्या) जोड़ी गई.
वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज में आठ लोग नजर आए थे. पुलिस ने सभी आठों युवकों को पकड़ लिया है.
पुलिस ने कहा, “सभी आठ आरोपी किशोर (18 साल से कम उम्र के). उन्हें पकड़ लिया गया है. पूछताछ के दौरान पता चला कि करीब एक साल पहले जाट धर्मशाला के पास मामूली झगड़ा हुआ था. शनिवार रात उनका फिर झगड़ा हुआ, जिसमें दिलशाद की हत्या कर दी गई.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
