कांग्रेस सांसद के साथ हुई थी चेन स्नैचिंग की घटना, अब यह बड़ी जानकारी आई सामने
तमिलनाडु के मयिलादुथुराई से लोकसभा सांसद आर सुधा (फाइल फोटो | आईएएनएस)
नई दिल्ली | दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद आर. सुधा की सोने की चेन की स्नैचिंग के सनसनीखेज मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. दक्षिणी दिल्ली और नई दिल्ली जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने छीनी गई सोने की चेन, इस अपराध को करने में इस्तेमाल की गई स्कूटी और आरोपी के कपड़े बरामद कर लिए हैं.
आरोपी का नाम सोहन रावत उर्फ सोनू उर्फ बुग्गू (24 वर्ष) है जो ओखला के हरकेश नगर का रहने वाला है. वह एक कुख्यात अपराधी है जिसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत 26 मामले दर्ज हैं. वह हाल ही में 27 जून को जेल से रिहा हुआ था.
चेन स्नैचिंग की घटना नई दिल्ली के एक पॉश इलाके में हुई थी. पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी को ट्रेस कर लिया. खुफिया जानकारी और तकनीक की मदद से दक्षिणी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने आरोपी को धर दबोचा. इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई की. इस टीम में सब-इंस्पेक्टर नवदीप, हेड कांस्टेबल कमल प्रकाश, बृजेश, अरविंद, कृष्ण कुमार और कांस्टेबल काना राम, देवेंद्र व अरविंद शामिल थे.
पुलिस ने 30.90 ग्राम की सोने की चेन, अपराध करने के लिए इस्तेमाल की गई चोरी की सुजुकी एक्सेस स्कूटी, चार संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन, निज़ामुद्दीन से चोरी हुई एक अन्य स्कूटी और वारदात के समय पहने गए कपड़े, हेलमेट व चप्पल बरामद कर लिया है.
पुलिस अब आरोपी से चेन स्नैचिंग की अन्य घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है. आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड देखते हुए पुलिस का मानना है कि वह कई अन्य वारदातों में भी शामिल हो सकता है.
दक्षिणी जिला पुलिस की इस तेज कार्रवाई की सराहना हो रही है. एक हाई-प्रोफाइल मामले को इतनी जल्दी सुलझाने के लिए एएटीएस की मेहनत और तकनीकी दक्षता को श्रेय दिया जा रहा है.
