चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, दो बच्चों समेत चार लोगों की हुई मौत
फोटो क्रेडिट: IANS
नई दिल्ली | दिल्ली के शास्त्री नगर में दर्दनाक घटना घटी हैं. यहां गुरुवार तड़के एक चार मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई. पांच लोगों को बचा लिया गया हैं.
मृतकों की पहचान मनोज (30), उनकी पत्नी सुमन (28) और 3 और 5 साल के दो बच्चों के रूप में की गई हैं.
पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि गुरुवार सुबह 5:22 बजे शास्त्री नगर इलाके में सरोजनी पार्क के पास गली नंबर 13 में भीषण आग लगने की सूचना मिली. तदनुसार स्थानीय पुलिस, चार अग्निशमन गाड़ियां, एम्बुलेंस और तीन पीसीआर वैन मौके पर पहुंचीं.
पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, “यह चार मंजिल का एक आवासीय घर है. ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग एरिया हैं. आग पार्किंग एरिया में लगी, जिससे पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई. संकरी गली होने के बावजूद, अग्निशमन कर्मी घटनास्थल पर पहुंचने में कामयाब रहे और आग बुझा दी.”
उन्होंने आगे कहा, “प्रत्येक मंजिल पर तलाशी अभियान चलाया गया. यहां से तीन पुरुषों, चार महिलाओं और दो बच्चों को बचाया गया और हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में दो बच्चों सहित चार की मौत हो गई.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
