Delhi Horror: ‘लड़की को 10-12 किलोमीटर तक कार से घसीटा गया’: दिल्ली पुलिस

Delhi Sultanpuri Accident (1)
The Hindi Post

नई दिल्ली | पुलिस ने सोमवार को बताया कि बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में रविवार रात को एक 23 वर्षीय युवती की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी थी. इस घटना में लड़की की मौत हो गई थी. इसके बाद कार सवार लड़के लड़की के शव को 10-12 किलोमीटर घसीट कर ले गए थे. पुलिस ने बताया कि युवकों की गाड़ी ने लड़की को सुल्तानपुरी से कंझावला तक घसीटा था.

विशेष पुलिस आयुक्त (लॉ एंड आर्डर) सागर प्रीत हुड्डा ने यहां (दिल्ली) एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम कराने के लिए एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है.

उन्होंने कहा, आरोपियों को क्राइम सीन पर लेकर जाया जाएगा. वहां सीन रीक्रिएट किया जाएगा. उनसे विस्तृत पूछताछ होगी और सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सबूत इक्कट्ठा किए जाएंगे. आरोपियों की कहानी का सत्यापन किया जाएगा.

हुड्डा ने कहा, पीड़ित परिवार को सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सबूतों के आधार पर जांच के बारे में अपडेट किया जा रहा है.

इस बीच, दिल्ली के पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने ट्विटर पर कहा कि सुल्तानपुरी दुर्घटना मामले में आरोपियों के खिलाफ तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट किया, बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में एक लड़की की सड़क पर मौत का मामला दुखद है. सभी पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना की जांच में कई टीमें लगी हुई हैं. दिल्ली पुलिस पीड़ित परिवार के सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में है.

“मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि जांच में मिले तथ्यों के अनुसार हम सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई कर एक मिसाल कायम करेंगे ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. दिल्ली में शांति बनाए रखने में हम सबकी हिस्सेदारी है.”

यह घटना कंझावला इलाके में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को हुई जब पीड़िता की स्कूटी को कार ने टक्कर मार दी औ उसके कपड़े कार में उलझ गए और वह कार के नीचे ही घसीटती चली गई. इस घटना में युवती की जान चली गई.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!