नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ का मामला: कैसे हुई लोगों की मौत…, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा

New Delhi Railway Station 2 (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

नई दिल्ली | नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बीते दिनों मची भगदड़ में 18 लोगों की जान चली गई थी. इस भगदड़ में मरने वालों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आई है.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 18 में से 15 लोगों की मौत का कारण ट्रॉमेटिक एस्फिक्सिया (दम घुटना) था. सीने पर जोरदार दबाव पड़ने से उनकी मौत हुई थी. इसके अलावा, दो लोगों की मौत हेमोरेजिक शॉक यानि सीने पर तेज चोट लगने से हुई थी, जबकि एक व्यक्ति की मौत सिर पर चोट लगने के कारण हुई थी.

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मामले में हमारी जानकारी और विश्वास के अनुसार, मृत्यु का कारण हेमोरेजिक शॉक और इसकी जटिलताएं हैं. ऐसा दाएं फेफड़े और हृदय पर चोट के परिणामस्वरूप हुआ था. सभी चोटें मरने से पहले की हैं. छाती पर दबाव के कारण न्यूमोथोरैक्स (फेफड़े के आस-पास हवा भर जाना) और श्वासावरोध संबंधी बातों का पता चलता है.

बता दें कि 15 फरवरी की रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 13 और 14 पर उस समय भगदड़ मच गई थी, जब कथित तौर पर यात्रियों के बीच प्रयागराज जा रही दो ट्रेनों के रद्द होने की अफवाह फैल गई. भगदड़ में 18 लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे.

हादसा रात 9.30 बजे के आसपास हुआ था. रेलवे ने बताया था कि दोनों प्लेटफॉर्म पर भीड़ काफी अधिक थी, जिस कारण कुछ लोग बेहोश हो गए थे. इसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी.

रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ढाई-ढाई लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों को एक-एक लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया था.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!