अमेरिका-इजराइल के हमले में ईरान में बड़ी संख्या में लोगों की मौत, 48 घंटों से इंटरनेट बंद
फोटो: आईएएनएस
अमेरिका-इजराइल के हमले में ईरान में बड़ी संख्या में लोगों की मौत, 48 घंटों से इंटरनेट बंद
तेहरान | अमेरिका और ईरान के बीच ताबड़तोड़ हमले जारी हैं. ईरान अलग-अलग देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है. वहीं अमेरिका और इजरायल अभी भी एक्शन मोड में हैं. अमेरिका और इजरायल की तरफ से ईरान पर किए गए हमले में मौत का आंकड़ा 500 पार कर चुका है. इसके अलावा ईरान में लगभग 48 घंटे से ज्यादा समय से इंटरनेट बंद है.
अलजजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी रेड क्रिसेंट सोसायटी ने कहा है कि देश भर में अमेरिकी-इजरायली हमलों में कम से कम 555 लोग मारे गए हैं.
इसके अलावा, साइबर सिक्योरिटी वॉचडॉग नेटब्लॉक्स ने कहा कि अमेरिका-इजरायल हमले के बीच ईरान में इंटरनेट 48 घंटे से ज्यादा समय से बंद है. सोमवार को युद्ध का तीसरा दिन है.
नेटब्लॉक्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “इंटरनेट शटडाउन सरकार का एक तरीका है. जनवरी में पिछली बार जब ऐसा हुआ था तब कई हफ्तों तक इंटरनेट बंद रहा था और गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन को छिपाया गया था.”
वहीं अमेरिकी मीडिया ने बताया कि पिछले महीने की तरह पूरी तरह ब्लैकआउट (इंटरनेट शटडाउन) नहीं हुआ है. दूसरी तरफ चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को पुष्टि की कि ईरान में एक चीनी नागरिक की मौत हो गई है.
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, “तेहरान में बदकिस्मती से एक चीनी नागरिक मारा गया है. हम मारे गए नागरिक के लिए अपनी संवेदनाएं जताते हैं और पीड़ित के परिवार के प्रति हमदर्दी हैं.” निंग ने कहा कि 2 मार्च तक ईरान से करीब 3,000 चीनी नागरिकों को निकाला जा चुका है.
अमेरिकी मीडिया ने बताया कि ईरान की राजधानी तेहरान में सोमवार को धमाके सुने गए. ईरान की सरकारी मीडिया का दावा है कि पश्चिमी शहर सनंदाज पर मिसाइलों की ताबड़तोड़ बौछार हुई है. ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने कहा कि सनंदाज के रिहायशी इलाकों पर हमला हुआ है.
वहीं सरकारी न्यूज एजेंसी आईआरएनए ने कहा कि सनंदाज पर हुए हमलों में तीन लोग मारे गए है. ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया कि तेहरान में, रविवार रात शहर के उत्तर में एक हॉस्पिटल से मरीजों को निकाला गया. अमेरिकी-इजरायली हमलों में यह अस्पताल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था.
ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी द्वारा पोस्ट किए गए फुटेज में गांधी हॉस्पिटल का डैमेज्ड बाहरी हिस्सा दिख रहा है और सड़क पर मलबा और कांच बिखरे हुए हैं.
