समाजवादी पार्टी के स्टार प्रचारक की मौत, अखिलेश ने कहा पीट-पीटकर हुई हत्या, पुलिस बोली हार्ट अटैक से गई जान
Photo: Twitter/@yadavakhilesh
समाजवादी पार्टी के स्टार प्रचारक सुरेश ठाकुर उर्फ योद्धा की गुरुवार रात को मौत हो गई. उन्नाव पुलिस ने शुक्रवार देर रात को एक बयान जारी करके कहा कि सुरेश की मृत्यु हार्ट अटैक से हुई है. पुलिस ने कहा कि डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टेम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है.
क्षेत्राधिकारी हसनगंज ने वीडियो बाइट में कहा कि थाना सोहरामऊ क्षेत्रांतर्गत ग्राम चौपई निवासी सुरेश की मृत्यु हार्ट अटैक से हुई है. उन्होंने कहा कि मृतक के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है. सुरेश की मृत्यु का कारण पोस्टमॉर्टेम रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है.
उन्होंने यह भी कहा कि मारपीट से मृत्यु होने की बात असत्य है.
पुलिस अधिकारी ने कहा कि 52 वर्षीय सुरेश की 10 अगस्त 2023 को तबियत खराब होने पर उनके परिजन उनको उन्नाव के जिला अस्पताल ले गए थे. यहां पर डॉक्टरों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलने पर सोहरामऊ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टेम परिक्षण के लिए भिजवाया.
थाना सोहरामऊ क्षेत्रांतर्गत ग्राम चौपई निवासी सुरेश की हार्ट अटैक से मृत्यु होने के संदर्भ में क्षेत्राधिकारी हसनगंज द्वारा दी गई बाइट #UPPolice #UnnaoPolice #Unnao @Igrangelucknow pic.twitter.com/RBnpdZhLyi
— UNNAO POLICE (@unnaopolice) August 11, 2023
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट करके कहा, “सपा के प्रचारक के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनाने वाले सुरेश ठाकुर की पीट-पीट कर हत्या की घटना अत्यंत हृदय विदारक है. सरकार से अपील है कि वह जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ उचित कार्यवाही सुनिश्चित करे. भावभीनी श्रद्धांजलि.”
सपा के प्रचारक के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनाने वाले सुरेश ठाकुर की पीट-पीट कर हत्या की घटना अत्यंत हृदय विदारक है।
सरकार से अपील है कि वह जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ उचित कार्यवाही सुनिश्चित करे।
भावभीनी श्रद्धांजलि। pic.twitter.com/cK0MmaP81P
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 11, 2023
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
