8वीं की छात्रा और टीचर का होटल के कमरे में मिला शव, पुलिस…
सांकेतिक तस्वीर
यूपी के अलीगढ़ से सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के एक होटल के कमरे से एक पुरुष शिक्षक और नाबालिग छात्रा का शव मिला है.
मृतकों की पहचान 24 वर्षीय चंद्रभान और एक 14 वर्षीय छात्रा के रूप में हुई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चंद्रभान एक निजी स्कूल में शिक्षक था. मृतक छात्रा उसकी स्टूडेंट थी.
प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों ने कथित तौर पर आत्महत्या की थी. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इसकी पुष्टि होगी.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार की सुबह करीब 8:40 बजे दोनों होटल पहुंचे थे. रिसेप्शन पर उन्होंने खुद को दोस्त बताया था. उन्होंने कुछ घंटों के लिए कमरा नंबर 204 बुक कराया था.
जब देर शाम तक दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले तो होटल संचालक को संदेह हुआ. कई बार आवाज देने के बावजूद कोई उत्तर न मिलने पर दूसरी चाभी से दरवाजा खोला गया जहां दोनों के शव बिस्तर पर पड़े मिले. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा.
अलीगढ़ के एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, “आज दिनांक 05.05.2025 को थाना रोरावर में शाम को करीब 6 बजे डायल 112 से सूचना प्राप्त हुई कि द रॉयल रिट्रीट होटल में एक लड़का और एक लड़की का शव मिला है. मौके पर पुलिस पहुंची तो पाया गया कि एक 24 वर्षीय युवक जिसकी पहचान चंद्रभान के रूप में हुई और एक नाबालिग लड़की का शव होटल के कमरे में पाया गया.”
पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, “प्रथम दृष्टया यह जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रकरण मालूम पड़ रहा है. मौके पर पुलिस ने दोनों बॉडीज को पंचायतनामा करके पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा तहरीर प्राप्तकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी. मौके पर शांति है.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
