थाईलैंड में बड़ा रेल हादसा : यात्रियों से भरी ट्रेन पर गिरी क्रेन, पटरी से उतरकर पलटे डिब्बे, 32 की मौत | VIDEO
हादसे के बाद मौके पर बचाव कार्य करते राहतकर्मी / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
बड़ा रेल हादसा : यात्रियों से भरी ट्रेन पर गिरी क्रेन, पटरी से उतरकर पलटे डिब्बे, 32 की मौत | VIDEO
नई दिल्ली | बैंकॉक से थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी इलाके में जा रही एक पैसेंजर ट्रेन बुधवार को बड़े हादसे का शिकार हो गई. एक कंस्ट्रक्शन क्रेन ट्रेन के ऊपर गिर गई. थाई पुलिस अधिकारियों की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई और 55 से ज्यादा लोग घायल हो गए.
यह घटना सुबह करीब 9:05 बजे नाखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो जिले में हुई. जिस जगह पर यह घटना घटी, वो थाईलैंड की राजधानी से करीब 230 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में है. जब यह हादसा हुआ तब ट्रेन उबोन रत्चथानी प्रांत जा रही थी.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, क्रेन का इस्तेमाल मौजूदा रेल लाइन के पैरेलल चल रहे एक हाई-स्पीड रेलवे प्रोजेक्ट के कंस्ट्रक्शन साइट पर किया जा रहा था. जिस समय ट्रेन उस इलाके से गुजर रही थी तभी क्रेन उस पर पलट गई. दरअसल, क्रेन का बैलेंस बिगड़ गया था. क्रेन के टकराने के बाद ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए. इसके अलावा ट्रेन के कुछ हिस्सों में आग लग गई. इससे मौके परर अफरा-तफरी मच गई.
🚨🇹🇭 थाईलैंड में भयानक हादसा, चलती ट्रेन पर गिरी निर्माणाधीन क्रेन, 22 की मौत pic.twitter.com/aVSkxRnstk
— Sputnik हिंदी (@SputnikHindi) January 14, 2026
इस घटना के कई वीडियो सामने आए है. इनमें देखा जा सकता है कि ट्रेन को बहुत नुकसान हुआ है. रेस्क्यू टीम के लोग पटरी से उतरे डिब्बों के अंदर फंसे यात्रियों तक पहुंचने के लिए मुड़े हुए मेटल को काट रहे थे. बचाव और राहत काम करने के लिए फायरफाइटर्स, मेडिकल टीमों और डिजास्टर रिस्पॉन्स यूनिट्स सहित इमरजेंसी रेस्पॉन्डर्स को मौके पर भेजा गया था.
थाई सरकार के पब्लिक रिलेशन डिपार्टमेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के तुरंत बाद कई बचाव टीमों को तैनात किया गया था. हादसे के समय कई यात्री डिब्बों के अंदर फंसे हुए थे.
थाईलैंड के डिप्टी पीएम और ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर फिफात रत्चाकितप्राकर्न ने कहा कि उन्होंने एजेंसियों को कारण का पता लगाने और दोबारा ऐसा होने से रोकने के लिए एक पारदर्शी जांच करने का निर्देश दिया.
थाईलैंड के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर फिफात रत्चाकितप्राकर्न ने कहा कि ट्रेन में करीब 195 यात्री सवार थे. अधिकारी अभी पीड़ितों की पहचान करने और घायलों को मेडिकल मदद देने के लिए काम कर रहे हैं. इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. गिरी हुई क्रेन लगभग 5.4 बिलियन डॉलर के हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट का हिस्सा थी.
IANS/Hindi Post Dot In
