तीन स्टूडेंट्स की मौत के बाद जागी दिल्ली नगर निगम, 13 कोचिंग संस्थान सील

Delhi coachings sealed (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली के राजेंद्र नगर में शनिवार को तीन विद्यार्थियों की मौत हो गई थी. तीनों छात्र एक कोचिंग संस्थान (Rau’s IAS Study Circle) के बेसमेंट में पानी भरने से बाहर नहीं निकल पाए थे और उनकी डूबने से जान चली गई थी. अब दिल्ली सरकार एक्शन में है.

दिल्ली नगर निगम यानि एमसडी की मेयर शैली ओबेरॉय के आदेश पर अधिकारियों ने अवैध रूप से बेसमेंट में संचालित हो रही 13 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया है. यह कार्रवाई रविवार देर रात को राजेंद्र नगर इलाके में हुई.

इनमें आईएएस गुरुकुल, चहल अकादमी, प्लूटस अकादमी, साई ट्रेडिंग, आईएएस सेतु, टॉपर की अकादमी, दैनिक संवाद, सिविल्स डेली आईएएस, करियर पावर, 99 नोट्स, विद्या गुरु, गाइडेंस आईएएस, इजी फॉर आईएएस शामिल हैं.

एमसीडी अधिकारियों ने जानकारी दी कि ये कोचिंग संस्थान राजेंद्र नगर में संचालित हो रहे थे. इन्होंने नियमों का उल्लंघन किया था. ये संस्थान बेसमेंट में कोचिंग संचालित कर रहे थे. मौके पर ही इनको सील कर नोटिस चस्पा कर दिया गया.

अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही अन्य इलाकों में भी कोचिंग सेंटर की जांच की जाएगी और खामियां पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने कहा कि बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन करने वाले कोचिंग सेंटर को सील करने की कार्रवाई होगी.

गौरतलब है कि इस मामले को लेकर एमसीडी की हर तरफ से किरकिरी हो रही है. पहले तो कोचिंग सेंटर ने बिल्डिंग बायलॉज के नियमों का पालन न करते हुए बेसमेंट को ही लाइब्रेरी का रूप दे दिया. और दूसरी ओर एमसीडी के सेनिटेशन विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सभी नालों की सफाई तय समय पूरी नहीं की जा सकी थी. इस कारण राजेंद्र नगर में हादसा हुआ.

आईएएनएस/हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!