खूंखार पिटबुल ने पति-पत्नी पर किया हमला, काफी देर तक नोचता-काटता रहा, होश उड़ा देने वाला वीडियो आया सामने

pitbull attack patiala (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

खूंखार पिटबुल ने पति-पत्नी पर किया हमला, काफी देर तक नोचता-काटता रहा, होश उड़ा देने वाला वीडियो आया सामने

 

पटियाला | पंजाब के पटियाला स्थित घूमण नगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पालतू पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दंपत्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

मेयर ने दिए प्रतिबंध और कड़े नियमों के संकेत

घटना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि नगर निगम शहर की सीमा में आक्रामक नस्ल के कुत्तों को पालने पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को आगामी सदन की बैठक में प्रमुखता से उठाया जाएगा जहां इस संबंध में एक विशेष प्रस्ताव भी लाया जा सकता है.

किराए का मकान देखने गए दंपत्ति पर हुआ जानलेवा हमला

जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम की है जब अंकित सभरवाल अपनी पत्नी शिफाली और एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ घूमण नगर में किराए का मकान देखने गए थे.

पीड़ित अंकित का आरोप है कि जैसे ही मकान का मुख्य गेट खोला गया अंदर से एक पिटबुल अचानक तेजी से बाहर निकला और उनकी पत्नी पर झपट पड़ा. कुत्ते ने शिफाली के हाथ और शरीर के कई हिस्सों में कई बार काटा जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गईं. इस दौरान अंकित ने अपनी पत्नी को बचाने की बहुत कोशिश की. कुत्ते ने अंकित के पैरों और पीठ पर बुरी तरह काटा. शेफाली को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी सर्जरी की गई.

सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर

वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि पिटबुल कुत्ता दंपत्ति पर आक्रामक होकर हमला कर रहा है और पीड़ित खुद को बचाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं.

वीडियो में एक महिला हाथ में डंडा लेकर घर से बाहर आती दिखती है लेकिन वह कुत्ते को रोक पाने में असमर्थ रहती है. इसके कुछ ही देर बाद लाठियों से लैस कई अन्य पड़ोसी मौके पर पहुंचते हैं और भारी मशक्कत के बाद कुत्ते को खदेड़कर दंपत्ति की जान बचा पाते हैं.

पीड़ित अंकित ने पुलिस को शिकायत देकर कुत्ते को खुला छोड़ने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

शहर में गहराया कुत्तों के हमलों का मुद्दा

इस घटना ने पटियाला में पालतू जानवरों से जुड़े नियमों और सार्वजनिक सुरक्षा पर एक बार फिर नई बहस छेड़ दी है. उल्लेखनीय है कि अभी कुछ ही दिन पहले, 9 अगस्त को शहर के गुरु नानक नगर इलाके में भी एक बच्ची पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया था .

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!