कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ने छोड़ी पार्टी, बीजेपी में हुए शामिल

ajay kapoor
The Hindi Post

नई दिल्ली | उत्तर प्रदेश में राजनीतिक जमीन तलाश रही कांग्रेस को भाजपा ने बुधवार को एक बड़ा झटका दिया. उत्तर प्रदेश में तीन बार विधायक का चुनाव जीतने वाले पूर्व कांग्रेस विधायक और वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अजय कपूर ने बुधवार को भाजपा का दामन थाम लिया.

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी और अन्य कई नेताओं की मौजूदगी में बुधवार को दिल्ली के भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में कांग्रेस नेता अजय कपूर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की.

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने अजय कपूर का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि यह बिहार कांग्रेस के सह प्रभारी हैं और वे बिहार भाजपा के प्रभारी हैं तो उनके आने से पार्टी को निश्चित तौर पर बिहार में भी फायदा मिलेगा.

Ajay Kapoor joins BJP (1)

वहीं, अनिल बलूनी ने अजय कपूर का पार्टी में स्वागत करते हुए बताया है कि वह उत्तर प्रदेश में तीन बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव का पदभार संभाल रहे थे.

भाजपा में शामिल होने के बाद अजय कपूर ने कहा कि उन्होंने 37 वर्ष तक ईमानदारी से कांग्रेस में काम किया है लेकिन, अब उन्हें लगता है कि देश के हर व्यक्ति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ जुड़ना चाहिए.

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए विनोद तावड़े ने कहा कि पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश के बाद अब महाराष्ट्र में इस यात्रा के जाने के साथ जिस तरह से कांग्रेस नेता पार्टी छोड़ रहे हैं, उससे यह लग रहा है कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ अब ‘कांग्रेस छोड़ो यात्रा’ बनती जा रही है.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!