कांग्रेस के स्टार प्रचारक आरपीएन सिंह ने थामा भाजपा का दामन

RPN Singh (1)
The Hindi Post

नई दिल्ली | उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा स्टार प्रचारक बनाए गए पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने मंगलवार को भाजपा का दामन थाम लिया। राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले आरपीएन सिंह मनमोहन सिंह सरकार में राज्य मंत्री भी रह चुके हैं।

उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, यूपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी की मौजूदगी में भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में आरपीएन सिंह ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सिंह ने मंगलवार दोपहर को ही कांग्रेस से इस्तीफा देने का ऐलान किया था।

ज्योतिरादित्य सिंधिया और जितिन प्रसाद के बाद आरपीएन सिंह तीसरे ऐसे बड़े नेता हैं, जो राहुल गांधी के काफी करीबी माने जाते थे और जो अब भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

आरपीएन सिंह के भाजपा में शामिल होने को स्वामी प्रसाद मौर्य की काट के तौर पर भी देखा जा रहा है, क्योंकि कुशीनगर के सांसद रह चुके सिंह पडरौना राजघराने से ताल्लुक रखते हैं और 2009 के लोक सभा चुनाव में मौर्य को हरा भी चुके हैं।

भाजपा में शामिल होने से महज कुछ घंटे पहले ही आरपीएन सिंह ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे गए इस्तीफे का पत्र ट्वीट करते हुए यह लिखा था, आज, जब पूरा राष्ट्र गणतन्त्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनैतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूं। जय हिंद।

भाजपा में औपचारिक तौर पर शामिल होने से कुछ मिनट पहले आरपीएन सिंह ने भाजपा के चुनाव चिन्ह ‘कमल’ के साथ अपनी तस्वीर को ट्वीट करते हुए लिखा, यह मेरे लिए एक नई शुरूआत है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी और गृह मंत्री अमित शाह जी के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में राष्ट्र निर्माण में अपने योगदान के लिए तत्पर हूं।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!